Rule Change From 1st June: घर का बजट बिगाड़ सकते हैं 1 जून के ये 5 बड़े बदलाव, तुरंत जान लें नया अपडेट

Rule Change From 1st June: जून महीने की शुरुआत आम नागरिकों के लिए कई बड़े परिवर्तन के साथ हुई है। LPG सिलेंडर की कीमतों से लेकर कारों के दाम, बैंकिंग सेवाओं और यूपीआई भुगतान प्रणाली तक कई नए नियम लागू हो गए हैं, जिनका सीधा प्रभाव आपकी रोजमर्रा के खर्च पर पड़ सकता है।

Priya Singh Bisen
Published on: 1 Jun 2026 12:03 PM IST (Updated on: 1 Jun 2026 12:05 PM IST)
Rule Change From 1st June
X

Rule Change From 1st June

Rule Change From 1st June: आज सोमवार जून महीने की हो चुकी है। ये शुरुआत पूरे देश के करोड़ों लोगों के लिए कई महत्वपूर्ण और बड़े परिवर्तनों के साथ हुई है। हर महीने की पहली तारीख की तरह इस बार भी सरकार, बैंकिंग संस्थानों और की विभिन्न कंपनियों ने कई नियमों में बड़ा संशोधन किया है। 1 जून 2026 से लागू हुए इन परिवर्तनों का बड़ा प्रभाव आम उपभोक्ताओं, कारोबारियों और डिजिटल भुगतान करने वाले लोगों पर स्पष्ट रूप से दिखाई देगा।

LPG सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि, मारुति सुजुकी कारों के दाम में इजाफा, HDFC बैंक के नए नियम, सोलर पैनल से जुड़े बदलाव और UPI भुगतान प्रणाली में नया फीचर प्रमुख बदलावों में शामिल हैं।

कमर्शियल LPG सिलेंडर हुआ महंगा

तेल विपणन कंपनियों ने जून महीने की शुरुआत में LPG सिलेंडर की नई कीमतें जारी कर दी हैं। घरेलू प्रयोग वाले 14.2 किलोग्राम के गैस सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कुछ खास बदलाव नहीं किया गया है, जिससे आम घरेलू उपभोक्ताओं को राहत मिली है।

हालांकि, 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम में फिर बढ़ोतरी की गई है। राजधानी दिल्ली में इसकी कीमत 42 रुपये बढ़कर करीब 3113.50 रुपये हो गई है। वहीं, कोलकाता में कमर्शियल सिलेंडर 52.50 रुपये महंगा हो गया है। लगातार बढ़ती कीमतों का प्रभाव होटल, रेस्टोरेंट और छोटे व्यवसायों पर पड़ सकता है।

इसके साथ ही सरकार ने LPG और PNG कनेक्शन रखने वाले उपभोक्ताओं के लिए भी नियम बेहद सख्त कर दिए हैं। जिन उपभोक्ताओं के घर में PNG कनेक्शन सक्रिय हो चुका है, उन्हें निर्धारित समय सीमा के अंदर LPG कनेक्शन सरेंडर करना होगा।

मारुति सुजुकी की कारें खरीदना हुआ महंगा

देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी ने भी 1 जून से अपनी कई लोकप्रिय कारों की कीमतों में भी वृद्धि कर दी है। कंपनी ने पहले ही लागत बढ़ने और उत्पादन खर्च में इजाफे का हवाला देते हुए कीमतें बढ़ाने की घोषणा की थी।

नई दरों के लागू होने के बाद ऑल्टो, वैगनआर, ब्रेजा, डिजायर और अन्य कई मॉडलों की कीमतों में वृद्धि हो गई है। कंपनी के मुताबिक, विभिन्न मॉडलों के आधार पर कीमतों में अधिकतम 30,000 रुपये तक का इजाफा किया गया है। ऐसे में नई कार खरीदने की योजना बना रहे ग्राहकों को अब पहले से ज़्यादा खर्च करना पड़ेगा।

HDFC बैंक के ग्राहकों के लिए नए नियम

जून महीने से HDFC बैंक ने भी अपने कई बैंकिंग नियमों में परिवर्तन किए हैं। बैंक द्वारा जारी की गई जानकारी के अनुसार छोटे मूल्य के नोटों और सिक्कों के कैश डिपॉजिट पर नई सीमाएं लागू कर दी गई हैं।

अब 20 रुपये या उससे कम मूल्य के नोटों के लिए हर महीने 10,000 रुपये तक की जमा सीमा तय की गई है। वहीं सिक्कों के लिए 5,000 रुपये प्रतिमाह की सीमा निर्धारित की गई है।

अगर कोई ग्राहक निर्धारित सीमा से ज़्यादा राशि जमा करता है, तो अतिरिक्त जमा राशि पर 2% का शुल्क देना होगा। बैंक का कहना है कि यह कदम शाखाओं में नकदी प्रबंधन को ज़्यादा प्रभावी बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है।

सोलर पैनल की कीमतों में हो सकती है वृद्धि

देश में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए सरकार निरंतर नए कदम उठा रही है। इसी क्रम में 1 जून 2026 से अप्रूव्ड मॉडल एंड मैन्युफैक्चरर्स लिस्ट (ALMM List-II) लागू हो गई है।

इस नए नियम के अंतर्गत सरकारी योजनाओं और सब्सिडी वाले प्रोजेक्ट्स में केवल उन्हीं सोलर मॉड्यूल और सोलर सेल का प्रयोग किया जा सकेगा, जो इस लिस्ट में शामिल होंगे। विशेषज्ञों का मानना है कि गुणवत्ता मानकों को सख्त किए जाने के कारण सोलर पैनलों की लागत बढ़ सकती है, जिसका बड़ा प्रभाव अब उनकी बाजार कीमतों पर भी देखने को स्पष्ट रूप से मिल सकता है।

UPI भुगतान में मिलेगा नया सुरक्षा फीचर

डिजिटल भुगतान को ज़्यादा सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने UPI सिस्टम में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। 1 जून से लागू नए नियम के तहत अब UPI भुगतान करते वक्त पिन दर्ज करने से पहले प्राप्तकर्ता का बैंक खाते में दर्ज वास्तविक नाम दिखाई देगा।

और इस सुविधा का मुख्य उदेश्य गलत खाते में पैसे ट्रांसफर होने की दिक्कतों को कम करना और ऑनलाइन धोखाधड़ी पर रोक लगाना है। इससे उपयोगकर्ता भुगतान की पुष्टि करने से पहले लाभार्थी की सही पहचान कर सकेंगे।

बता दे, जून 2026 की शुरुआत आम जनता के लिए कई महत्वपूर्ण परिवर्तन लेकर आई है। जहां कमर्शियल LPG सिलेंडर और कारों की कीमतों में बढ़ोतरी से महंगाई का प्रभाव नज़र या रहा है, वहीं UPI के नए सुरक्षा फीचर और बैंकिंग नियमों में परिवर्तन उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधा और सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में उठाए गए कदम माने जा रहे हैं। ऐसे में सभी उपभोक्ताओं के लिए इन नए नियमों की जानकारी रखना बहुत ही आवश्यक है।

Priya Singh Bisen
ABOUT THE AUTHOR

Priya Singh Bisen

Priya Singh Bisen is a Content Writer at Newstrack.com.

Next Story