Lucknow: फंदे से लटकता मिला पत्नी का शव, सिपाही पर हत्या का आरोप, पत्नी को प्रताड़ित करता था सिपाही

Lucknow Crime News: सिपाही रिंकू गौतम की पत्नी का शव मकान की खिड़की से लटकता मिला। जांच में चार वर्षीय ने बताया कि खुद पापा ने मम्मी को लटकाया था।

Shiva Sharma
Published on: 25 Jun 2022 9:59 AM IST
फंदे से लटकता मिला पत्नी का शव, सिपाही पर हत्या का आरोप, पत्नी को प्रताड़ित करता था सिपाही
X

सिपाही ने की पत्नी की हत्या

Lucknow Crime News: राजधानी लखनऊ के दुबग्गा कोतवाली (Dubagga Kotwali) अंतर्गत विद्या सागर कॉलोनी बरावन कलां में सिपाही रिंकू गौतम की पत्नी ब्रजेश कुमारी (26) का शव मकान की खिड़की से दुपट्टे के सहारे लटकता मिला। रिंकू गौतम दुबग्गा कोतवाली में सिपाही के पद पर तैनात है। शुक्रवार की सुबह पांच बजे रिंकू ने पुलिस को जानकारी दी कि उसकी पत्नी ब्रजेश कुमारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई।

रिंकू गौतम 2019 बैच का सिपाही है। फरवरी से विद्या सागर कॉलोनी में किराए के मकान में पहली मंजिल पर वह परिवार सहित रहता है। 2015 में बदायूं जिले (Budaun) की उझानी निवासी ब्रजेश कुमारी के साथ विवाह हुआ था। दोनों का चार वर्षीय बेटा ऋषभ है।

बेटे ने खोली पिता की पोल

मृतका के पिता लटोरी राम ने ब्रजेश कुमारी के पति रिंकू पर हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि रिंकू पत्नी ब्रजेश को मारता पीटता था और रुपयों की मांग करता था। जिसकी शिकायत मृतका के पिता ने पुलिस उच्चाधिकारियों से की थी। कुछ महीनों पहले भी आपसी विवाद होने के कारण ब्रजेश मायके आ गयी थी जिसके बाद रिंकू समझा बुझाकर अपने साथ ले गया था। ब्रजेश के चार वर्षीय बेटे ऋषभ ने भी बताया कि उसके पापा ने मम्मी को लटकाया था।

इंस्पेक्टर दुबग्गा अनिल प्रकाश ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।

रुपयों के लिए प्रताड़ित करने का आरोप

मृतका के भाई नीरज के अनुसार, रिंकू ने ब्रजेश का मोबाइल तोड़ दिया था और किसी से बात नही करने देता था। अपने मोबाइल से ही रिंकू की बात परिजनों से करवाता था। करीब दो साल पहले ट्रैक्टर खरीदने के लिये डेढ़ लाख रुपये मांगे थे जो दे दिया गया था। उसके बाद भी कार लेने के लिए रुपये मांगता था। नहीं देने पर दूसरी शादी करने की धमकी देता था। अपने घर का पता भी किसी को नहीं दिया था।

दोस्तों देश दुनिया से जुड़ी किसी भी खबर को सबसे पहले जानने के लिए फालो करें Google News पर करें हमें।

Shiva Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Shiva Sharma

Next Story