CBSE Re Evaluation के लिए अब इन बैंकों में अकाउंट की जरूरत नहीं, 40 हजार पार पहुंचे आवेदन

CBSE Re Evaluation 2026: सीबीएसई ने 12वीं री-इवैल्युएशन और सत्यापन के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। छात्र 6 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

Akriti Pandey
Published on: 4 Jun 2026 5:08 PM IST
CBSE Re Evaluation 2026
X

CBSE Re Evaluation 2026

CBSE Re Evaluation 2026: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 12वीं के छात्रों के लिए री-इवैल्युएशन और अंकों के सत्यापन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बोर्ड ने 2 जून से ऑनलाइन आवेदन स्वीकार करने शुरू कर दिए हैं। जिन छात्रों को अपने प्राप्त अंकों को लेकर किसी प्रकार की शंका है, वे 6 जून तक आधिकारिक पोर्टल पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। बोर्ड ने छात्रों और अभिभावकों के बीच फैल रही कुछ गलतफहमियों को भी दूर किया है। सीबीएसई ने स्पष्ट किया है कि आवेदन शुल्क जमा करने के लिए किसी विशेष बैंक में खाता होना जरूरी नहीं है। छात्र किसी भी बैंक के खाते से ऑनलाइन भुगतान कर सकते हैं।

भुगतान को लेकर बोर्ड ने दी स्पष्ट जानकारी

CBSE ने बताया कि कई छात्रों को यह भ्रम था कि री-इवैल्युएशन के लिए शुल्क जमा करने के लिए भारतीय स्टेट बैंक, केनरा बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा या इंडियन बैंक में खाता होना आवश्यक है। बोर्ड ने इस दावे को गलत बताते हुए कहा कि छात्र किसी भी बैंक की इंटरनेट बैंकिंग या अन्य ऑनलाइन भुगतान सुविधाओं का उपयोग कर सकते हैं। इसके अलावा भुगतान के लिए यूपीआई, नेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड और डेबिट कार्ड जैसे विकल्प भी उपलब्ध हैं, जिससे छात्रों को आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

साइबर हमले की कोशिश के बावजूद पोर्टल सामान्य

सीबीएसई ने यह भी जानकारी दी कि आवेदन प्रक्रिया के दौरान पोर्टल पर भारी ट्रैफिक देखने को मिला। मंगलवार को वेबसाइट पर साइबर अटैक करने की कोशिश भी की गई थी। बोर्ड के अनुसार, दो मिनट के भीतर पोर्टल पर करीब 15 लाख से अधिक हिट्स दर्ज किए गए थे। हालांकि तकनीकी टीम ने स्थिति को संभाल लिया और पोर्टल को सुचारू रूप से संचालित रखा। बोर्ड ने छात्रों को भरोसा दिलाया है कि वेबसाइट पूरी तरह सुरक्षित और सही तरीके से काम कर रही है।

हजारों छात्रों ने कराया आवेदन

सीबीएसई के मुताबिक अब तक अंकों के सत्यापन के लिए 4,924 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जबकि री-इवैल्युएशन के लिए 39,056 से अधिक आवेदन स्वीकार किए गए हैं। बुधवार सुबह तक कुल 40 हजार से ज्यादा छात्र इस सुविधा का लाभ उठा चुके थे। बोर्ड ने छात्रों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह या सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें और केवल आधिकारिक वेबसाइट एवं नोटिस पर ही भरोसा करें।

ऐसे करें री-इवैल्युएशन के लिए आवेदन

री-इवैल्युएशन के लिए सबसे पहले सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। इसके बाद अपने रोल नंबर और यूजर आईडी की मदद से लॉगिन करें। लॉगिन करने के बाद डैशबोर्ड में री-इवैल्युएशन विकल्प का चयन करें। फिर जिन प्रश्नों का पुनर्मूल्यांकन कराना है, उनकी जानकारी भरें और कारण दर्ज करें। इसके बाद ऑनलाइन शुल्क का भुगतान करें और आवेदन फॉर्म जमा कर दें। भविष्य की जरूरत के लिए आवेदन का प्रिंट आउट अपने पास सुरक्षित रखना भी जरूरी है।

Akriti Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Akriti Pandey

Akriti Pandey is a Education & job Desk Content Writer at Newstrack.com.

Next Story