TRENDING TAGS :
NIPER Vacancy 2026: सरकारी नौकरी का मौका, एनआईपीईआर में कई पदों पर निकली भर्ती, जल्द करें अप्लाई
NIPER Vacancy 2026: एनआईपीईआर हाजीपुर ने CEO समेत 15 पदों पर भर्ती निकाली है। इच्छुक उम्मीदवार 18 जून तक आवेदन कर सकते हैं। जानें योग्यता और चयन प्रक्रिया।
NIPER Vacancy 2026
NIPER Vacancy 2026: सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे योग्य और अनुभवी उम्मीदवारों के लिए एक अच्छा अवसर सामने आया है। राष्ट्रीय औषध शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (एनआईपीईआर), हाजीपुर ने अपने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस इन बायोलॉजिकल थेरेप्यूटिक्स के तहत विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। संस्थान ने संविदा के आधार पर कुल 15 रिक्त पदों के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकते हैं।
किन पदों पर होगी भर्ती? (NIPER Posts)
जारी अधिसूचना के अनुसार भर्ती अभियान के तहत मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) का 1 पद, व्यापार विकास अधिकारी/परियोजना प्रबंधक का 1 पद, वरिष्ठ वैज्ञानिक के 2 पद, वैज्ञानिक/पोस्ट-डॉक्टरल फेलो के 3 पद, तकनीशियन/परियोजना सहायक के 5 पद, प्रशासनिक सहायक का 1 पद, लेखा अधिकारी का 1 पद और जूनियर सिविल इंजीनियर/सीएडी डिजाइनर का 1 पद भरा जाएगा।
आवेदन प्रक्रिया और अंतिम तिथि (NIPER Application Process)
इन पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया 18 मई 2026 से शुरू हो चुकी है। उम्मीदवारों को ऑनलाइन माध्यम यानी ईमेल के जरिए आवेदन करना होगा। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 18 जून 2026 निर्धारित की गई है। ऐसे में इच्छुक अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे अंतिम समय का इंतजार किए बिना जल्द आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।
शैक्षणिक योग्यता क्या है? (NIPER Education Qualification)
विभिन्न पदों के लिए अलग-अलग शैक्षणिक योग्यताएं निर्धारित की गई हैं। मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) पद के लिए जीव विज्ञान या औषध विज्ञान में पीएचडी तथा बायोफार्मास्युटिकल क्षेत्र में कम से कम 10 वर्षों का अनुभव होना आवश्यक है। व्यापार विकास अधिकारी/परियोजना प्रबंधक पद के लिए एमबीए या जीवन विज्ञान से संबंधित विषय में मास्टर डिग्री के साथ बायोटेक, फार्मास्युटिकल या संबंधित उद्योग में कम से कम पांच वर्ष का अनुभव मांगा गया है।
वरिष्ठ वैज्ञानिक पद के लिए जीवन विज्ञान, जैव प्रौद्योगिकी या औषध विज्ञान में पीएचडी और कम से कम पांच वर्ष का पोस्ट-डॉक्टोरल या औद्योगिक अनुभव जरूरी है। वहीं वैज्ञानिक/पोस्ट-डॉक्टोरल फेलो पद के लिए पीएचडी के बाद 0 से 3 वर्ष का अनुभव पर्याप्त होगा। तकनीशियन/परियोजना सहायक पद के लिए संबंधित विषय में पोस्ट ग्रेजुएशन आवश्यक है। प्रशासनिक सहायक पद के लिए किसी भी विषय में स्नातक डिग्री और प्रशासनिक कार्यों का कम से कम दो वर्ष का अनुभव होना चाहिए।
लेखा अधिकारी पद के लिए वाणिज्य में स्नातक या स्नातकोत्तर डिग्री के साथ सीए (इंटर) या सीडब्ल्यूए (इंटर) योग्यता और वित्तीय प्रबंधन का अनुभव जरूरी है। जूनियर सिविल इंजीनियर/सीएडी डिजाइनर पद के लिए सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक और कम से कम एक वर्ष का अनुभव मांगा गया है।
आयु सीमा और वेतन (NIPER Jobs)
इन पदों के लिए अधिकतम आयु सीमा पद के अनुसार 30 वर्ष से 55 वर्ष तक निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट का लाभ मिलेगा। चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार 25 हजार रुपये से लेकर 1.25 लाख रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा। इसके अलावा अन्य भत्ते और सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।
कैसे करें आवेदन? (Pharma Jobs India)
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले NIPER हाजीपुर की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर संबंधित भर्ती अधिसूचना डाउनलोड करनी होगी। इसके बाद आवेदन पत्र को भरकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ स्कैन करना होगा। सभी दस्तावेजों को एक पीडीएफ फाइल में संलग्न कर निर्धारित आधिकारिक ईमेल आईडी पर अंतिम तिथि से पहले भेजना होगा। संस्थान की ओर से उम्मीदवारों का चयन आवेदन पत्रों की शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू और अन्य चयन प्रक्रियाओं के आधार पर किया जाएगा।


