NEET UG पेपर लीक की खबरें पूरी तरह फर्जी, NTA ने जारी किया खंडन, छात्रों से अफवाहों से बचने की अपील

NEET Re Exam News: एनटीए ने नीट-यूजी 2026 री-एग्जाम पेपर लीक के दावों को फर्जी बताया है। एजेंसी ने छात्रों को अफवाहों से दूर रहने और आधिकारिक सूचना पर भरोसा करने को कहा।

Akriti Pandey
Published on: 7 Jun 2026 2:04 PM IST
NEET Re Exam News
X

NEET Re Exam News

NEET Re Exam News: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने सोशल मीडिया पर चल रही उन सभी खबरों और दावों को पूरी तरह से गलत और भ्रामक बताया है, जिनमें NEET-UG 2026 री-एग्जाम के प्रश्नपत्र के लीक होने या पहले से उपलब्ध होने की बात कही जा रही थी। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की अफवाहें छात्रों और अभिभावकों को गुमराह करने के उद्देश्य से फैलाई जा रही हैं।

सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर NTA की सख्त प्रतिक्रिया

एनटीए (NTA on NEET Exam) ने शनिवार को अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर एक पोस्ट जारी कर कहा कि सोशल मीडिया पर ऐसे कई संदेश वायरल हो रहे हैं, जिनमें दावा किया जा रहा है कि NEET-UG 2026 री-एग्जाम का पेपर लीक हो गया है या इसे बेचा जा रहा है। एजेंसी ने इन सभी दावों को झूठा, मनगढ़ंत और कपटपूर्ण करार दिया है।

एनटीए के अनुसार, ये अफवाहें संगठित धोखाधड़ी गिरोहों द्वारा फैलाई जा रही हैं, जो छात्रों और उनके परिवारों की चिंता का फायदा उठाकर नकली प्रश्नपत्र बेचने की कोशिश कर रहे हैं। एजेंसी ने साफ किया कि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह सुरक्षित है और किसी भी प्रकार की पेपर लीक की बात निराधार है।

परीक्षा की शुचिता पूरी तरह सुरक्षित: NTA

एजेंसी ने अपने बयान में कहा कि NEET-UG 2026 परीक्षा की शुचिता (इंटीग्रिटी) पूरी तरह बरकरार है। सभी अभ्यर्थियों के लिए निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए कड़े सुरक्षा उपाय अपनाए गए हैं। एनटीए ने यह भी चेतावनी दी कि इस तरह की अफवाहें फैलाने या इन्हें आगे बढ़ाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एजेंसी ने कहा कि परीक्षा से जुड़े किसी भी गलत या फर्जी संदेश को गंभीरता से लिया जाएगा और जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।

छात्रों और अभिभावकों को दी गई अहम सलाह

NTA ने अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों को सलाह दी है कि वे किसी भी तरह के अनधिकृत संदेशों पर भरोसा न करें और न ही किसी फर्जी पेपर के लिए पैसे दें। एजेंसी ने साफ कहा कि ऐसे किसी भी झांसे में आना नुकसानदायक हो सकता है। छात्रों को केवल एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट और सत्यापित सोशल मीडिया चैनलों पर जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करने के लिए कहा गया है। इसके अलावा, सभी अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे अफवाहों को नजरअंदाज करते हुए अपनी तैयारी पर ध्यान केंद्रित करें।

21 जून को होगी री-एग्जाम परीक्षा

गौरतलब है कि पहले NEET-UG परीक्षा को लेकर पेपर लीक के आरोप सामने आने के बाद इसे रद्द किया गया था। मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) द्वारा की जा रही है। अब यह परीक्षा 21 जून को पुनः आयोजित की जाएगी।

बता दे कि एनटीए ने छात्रों को आश्वस्त किया है कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, सुरक्षित और पारदर्शी तरीके से कराई जाएगी और किसी भी तरह की गड़बड़ी की कोई गुंजाइश नहीं होगी।

Akriti Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Akriti Pandey

Akriti Pandey is a Education & job Desk Content Writer at Newstrack.com.

Next Story