TRENDING TAGS :
UP Police Ka Syllabus: सामान्य ज्ञान से लेकर रीजनिंग तक, इन महत्वपूर्ण टॉपिक्स का रिवीजन करना न भूले, देखें पूरा सिलेबस
UP Police Ka Syllabus: यूपी पुलिस कॉन्स्टेबल परीक्षा 8 से 10 जून को होगी। अभ्यर्थी अंतिम दिनों में सिलेबस और एग्जाम पैटर्न के अनुसार तैयारी कर सफलता पा सकते हैं।
UP Police Constable Syllabus 2026
UP Police Ka Syllabus: उत्तर प्रदेश पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा 8, 9 और 10 जून 2026 को राज्यभर के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इस भर्ती परीक्षा में लाखों अभ्यर्थी शामिल होने वाले हैं। परीक्षा की तारीख नजदीक आने के साथ ही उम्मीदवार अपनी तैयारी को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। ऐसे में यह समय नई चीजें पढ़ने के बजाय सिलेबस और परीक्षा पैटर्न के अनुसार रिवीजन करने का है। विशेषज्ञों का मानना है कि अंतिम दिनों में सही रणनीति के साथ तैयारी करने से सफलता की संभावना काफी बढ़ जाती है। इसलिए अभ्यर्थियों को परीक्षा के पाठ्यक्रम और प्रश्नों के स्वरूप को अच्छी तरह समझ लेना चाहिए।
पहले समझें परीक्षा पैटर्न (UP Police Constable Exam Pattern)
यूपी पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा में कुल 150 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रश्न पत्र चार प्रमुख विषयों पर आधारित होगा। प्रत्येक सही उत्तर के लिए 2 अंक दिए जाएंगे, जबकि गलत उत्तर देने पर 0.5 अंक की निगेटिव मार्किंग होगी। यही कारण है कि उम्मीदवारों को बिना जानकारी वाले प्रश्नों में अनुमान लगाने से बचना चाहिए। परीक्षा के लिए कुल 2 घंटे का समय निर्धारित किया गया है। इसलिए समय प्रबंधन भी सफलता का एक महत्वपूर्ण हिस्सा होगा।
सामान्य ज्ञान से पूछे जाएंगे व्यापक सवाल (UP Police Constable Syllabus)
सामान्य ज्ञान खंड में उम्मीदवारों से सामान्य विज्ञान, भारत का इतिहास, भारतीय संविधान, अर्थव्यवस्था, संस्कृति और कृषि से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे। इसके अलावा भारत और विश्व का भूगोल, प्राकृतिक संसाधन, पर्यावरण, जनसंख्या, नगरीकरण और समसामयिक घटनाओं पर भी विशेष ध्यान देना होगा। उत्तर प्रदेश की शिक्षा, संस्कृति, सामाजिक परंपराएं, प्रशासनिक व्यवस्था, पुलिस व्यवस्था और राजस्व प्रणाली से जुड़े प्रश्न भी परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। मानवाधिकार, आंतरिक सुरक्षा, आतंकवाद, साइबर अपराध, जीएसटी, विमुद्रीकरण, पुरस्कार, सम्मान, महत्वपूर्ण दिवस और अंतरराष्ट्रीय संगठनों से संबंधित विषय भी इस खंड का हिस्सा होंगे।
सामान्य हिन्दी पर मजबूत पकड़ जरूरी (UP Police Exam Tips)
सामान्य हिन्दी सेक्शन में भाषा और व्याकरण से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे। इसमें हिन्दी वर्णमाला, पर्यायवाची, विलोम शब्द, तत्सम-तद्भव, एक शब्द प्रतिस्थापन, मुहावरे, लोकोक्तियां, संधि, समास और अलंकार जैसे विषय शामिल हैं। इसके अलावा अपठित गद्यांश, प्रसिद्ध कवियों और लेखकों की रचनाएं, हिन्दी साहित्य से जुड़े पुरस्कार तथा भाषा संबंधी अन्य महत्वपूर्ण विषयों से भी प्रश्न पूछे जा सकते हैं। इस खंड में अच्छे अंक प्राप्त करने के लिए नियमित अभ्यास जरूरी है।Police Exam Strategy
गणित और मानसिक योग्यता पर दें विशेष ध्यान (Police Exam Strategy)
संख्यात्मक एवं मानसिक योग्यता खंड में संख्या पद्धति, प्रतिशत, लाभ-हानि, अनुपात, औसत, समय और कार्य, समय और दूरी, साधारण एवं चक्रवृद्धि ब्याज जैसे विषय शामिल हैं। साथ ही तार्किक आरेख, दिशा ज्ञान, डेटा विश्लेषण, शब्द निर्माण, अक्षर एवं संख्या श्रृंखला, सामान्य ज्ञान आधारित तार्किक प्रश्न और संकेतों की व्याख्या से जुड़े सवाल भी पूछे जाएंगे। यह खंड उम्मीदवार की गणनात्मक और विश्लेषणात्मक क्षमता की जांच करता है।
रीजनिंग सेक्शन में आएंगे तार्किक प्रश्न (Police Reasoning Questions)
मानसिक अभिरुचि, बुद्धिलब्धि एवं तार्किक क्षमता खंड में संबंध, समानता, असमानता, कोडिंग-डिकोडिंग, रक्त संबंध, दिशा ज्ञान, वेन आरेख, समय क्रम, निर्णय क्षमता और समस्या समाधान जैसे विषय शामिल हैं। इसके अलावा दृश्य स्मृति, पर्यवेक्षण, अवधारणा, अंकगणितीय तर्क, आकृति वर्गीकरण और संख्या श्रृंखला से जुड़े प्रश्न भी परीक्षा में पूछे जाएंगे। इस खंड में सफलता के लिए नियमित मॉक टेस्ट और अभ्यास प्रश्नों को हल करना बेहद उपयोगी साबित हो सकता है।
अंतिम दिनों में अपनाएं यह रणनीति (Police Exam Last Minute Tips)
परीक्षा से पहले बचे हुए समय में उम्मीदवारों को केवल सिलेबस आधारित तैयारी पर ध्यान देना चाहिए। महत्वपूर्ण टॉपिक्स का रिवीजन करें, पिछले वर्षों के प्रश्नपत्र हल करें और मॉक टेस्ट देकर अपनी कमजोरियों को पहचानें। सही रणनीति और आत्मविश्वास के साथ की गई तैयारी आपको परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने में मदद कर सकती है।


