Heatwave Health Alert: गर्मी में बार-बार हो रहा है सिरदर्द? जान लें इसके कारण और राहत पाने के आसान उपाय

Heatwave Health Alert: स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि गर्मी में होने वाला सिर में दर्द कई बार डिहाइड्रेशन, लू या शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी का संकेत भी हो सकता है।

Priya Singh Bisen
Published on: 6 Jun 2026 5:24 PM IST (Updated on: 6 Jun 2026 5:24 PM IST)
Heatwave Health Alert
X

Heatwave Health Alert

Heatwave Health Alert: देश के कई हिस्सों में इस वक़्त गर्मी का भयंकर प्रकोप बढ़ता जा रहा है। तेज धूप, उमस और बढ़ते तापमान का प्रभाव अब केवल शरीर ही नहीं बल्कि दिमाग पर भी पड़ता है। गर्मियों के मौसम में सिर में दर्द की शिकायत बेहद आम हो जाती है। कई लोगों को पूरे दिन भारीपन, चक्कर या माइग्रेन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि गर्मी में होने वाला सिर में दर्द कई बार डिहाइड्रेशन, लू या शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी का संकेत भी हो सकता है।

विशेषज्ञों के अनुसार, गर्मी के दौरान शरीर से ज्यादा मात्रा में पसीना निकलता है, जिससे पानी और आवश्यक मिनरल्स की कमी हो जाती है। यही वजह है कि सिर की नसों पर दबाव बढ़ता है और दर्द महसूस होने लगता है। जिन लोगों को पहले से माइग्रेन या बार-बार सिर में दर्द की समस्या रहती है, उनके लिए यह मौसम और ज्यादा चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

शरीर को रखें हाइड्रेट

गर्मी के मौसम में सिर में दर्द से बचने का सबसे आसान और प्रभावी तरीका है शरीर को पर्याप्त मात्रा में हाइड्रेट रखना। पूरे दिन पर्याप्त पानी पीना आवश्यक है। इसके अलावा नारियल पानी, नींबू पानी और ओआरएस जैसे पेय पदार्थ शरीर में इलेक्ट्रोलाइट संतुलन बनाए रखने में सहायता करते हैं। अगर सिरदर्द के साथ कमजोरी या चक्कर महसूस हो रहे हों तो तुरंत पानी या कोई प्राकृतिक पेय लेना चाहिए।

ठंडी सिकाई से मिल सकती है राहत

यदि गर्मी के कारण से सिर में दर्द हो रहा है तो माथे और गर्दन पर ठंडी सिकाई काफी फायदेमंद साबित हो सकती है। इसके लिए ठंडे पानी में भीगा हुआ सूती कपड़ा माथे पर रखें। बाजार में उपलब्ध कोल्ड जेल पैक का भी प्रयोग किया जा सकता है। इससे सिर की नसों को आराम मिलता है और दर्द धीरे-धीरे कम होने लगता है।

माइग्रेन मरीजों को रखनी होगी खास सावधानी

गर्मी का मौसम माइग्रेन के मरीजों के लिए ट्रिगर का काम कर सकता है। ऐसे लोगों को धूप में ज्यादा वक़्त बिताने से बचना चाहिए। विशेषज्ञ बताते हैं कि नींबू की खुशबू या इसकी पत्तियों की सुगंध माइग्रेन के दर्द को कम करने में सहायता कर सकती है। वहीं, पुदीना और लैवेंडर जैसे एसेंशियल ऑयल्स की खुशबू भी राहत पहुंचा सकती है। माइग्रेन होने पर शांत और अंधेरे कमरे में आराम करना लाभदायक माना जाता है।

पुदीना भी है प्रभाशाली घरेलू उपाय

गर्मी से होने वाले सिर में दर्द में पुदीना काफी लाभकारी माना जाता है। पुदीने की पत्तियों को पानी में उबालकर ठंडा करें और उसमें थोड़ा नींबू मिलाकर पिएं। इसके अलावा पुदीना तेल से माथे और कानों के पीछे हल्की मालिश करने से भी आराम महसूस होता है।

इन लक्षणों को गलती से भी न करें अनदेखा

अगर सिर में दर्द के साथ शरीर का तापमान बढ़ रहा हो, उल्टी, चक्कर, अत्यधिक कमजोरी, पसीना बंद होना या त्वचा का लाल और गर्म होना जैसे लक्षण दिखाई दें तो इसे सामान्य सिरदर्द समझने की गलती न करें। यह लू लगने या हीट स्ट्रोक के संकेत हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि गर्मी के मौसम में थोड़ी सावधानी और सही दिनचर्या अपनाकर सिर में दर्द और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से काफी हद तक बचा जा सकता है।

Priya Singh Bisen
ABOUT THE AUTHOR

Priya Singh Bisen

Priya Singh Bisen is a Content Writer at Newstrack.com.

Next Story