बंगाल में होंगे दो उपमुख्यमंत्री! एक 'महिला' को भी मिलेगी जगह, मंत्रियों के नाम भी फिक्स

West Bengal New CM: भवानीपुर फतह के बाद ‘बंगाल विजय’ का ताज! शुभेंदु के सिर सज सकती है सत्ता की पगड़ी...

Snigdha Singh
Published on: 8 May 2026 2:14 PM IST
Amit Shah
X

Amit Shah

West Bengal New CM: अमित शाह के कोलकाता पहुंचते ही पश्चिम बंगाल की राजनीति में सत्ता के गलियारों का तापमान अचानक बढ़ गया है। भाजपा विधायक दल की बैठक से पहले ही यह लगभग तय माना जा रहा है कि शुभेंदु अधिकारी को बंगाल की कमान सौंपी जा सकती है। सूत्रों के मुताबिक, उनके साथ दो उपमुख्यमंत्रियों को भी शपथ दिलाने की तैयारी है और शाम तक बड़े ऐलान की संभावना जताई जा रही है।

भाजपा ने अभी आधिकारिक तौर पर मुख्यमंत्री पद के चेहरे का एलान नहीं किया है, लेकिन राजनीतिक संकेत साफ हैं। नंदीग्राम में ममता बनर्जी को चुनौती देने वाले शुभेंदु अधिकारी ने अब भवानीपुर में भी तृणमूल के किले को ढहा दिया। यही वजह है कि पार्टी के भीतर उन्हें “बंगाल विजय का शिल्पकार” माना जा रहा है। कभी ममता बनर्जी के सबसे भरोसेमंद सहयोगियों में गिने जाने वाले शुभेंदु अधिकारी ने दिसंबर 2020 में भाजपा का दामन थामा था। उसके बाद से उन्होंने तृणमूल के खिलाफ सबसे आक्रामक राजनीतिक मोर्चा संभाला। ग्रामीण बंगाल में उनकी पकड़ और संगठनात्मक ताकत भाजपा के लिए निर्णायक साबित हुई।

कौन हो सकता है उपमुख्यमंत्री

बिहार और उत्तर प्रदेश के फॉर्मूले पर चलते हुए भाजपा पश्चिम बंगाल में भी दो उपमुख्यमंत्रियों की नियुक्ति कर सकती है। सूत्रों के मुताबिक, महिला प्रतिनिधित्व को मजबूत संदेश देने के लिए jरूपा गांगुली को अहम जिम्मेदारी मिल सकती है। वहीं, डिप्टी सीएम पद की दौड़ में स्वपन दासगुप्ता का नाम तेजी से उभर रहा है। माना जा रहा है कि दो उपमुख्यमंत्रियों का फार्मूला अपनाकर भाजपा संगठन और सामाजिक समीकरणों के बीच संतुलन साधने के साथ-साथ अलग-अलग वर्गों के वोट बैंक को मजबूत संदेश देना चाहती है।

मंत्रीमंडल में कई बड़े चेहरे शामिल होने की चर्चा

सूत्रों के अनुसार नई सरकार में दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, निसिथ प्रमाणिक, रूपा गांगुली, स्वपन दासगुप्ता, शंकर घोष, तापस रॉय, अशोक डिंडा और डॉ. राजेश कुमार को मंत्री पद मिल सकता है।

शाह के स्वागत में शक्ति प्रदर्शन

अमित शाह के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचने पर भाजपा नेताओं ने जोरदार स्वागत किया। एयरपोर्ट से वह सीधे न्यू टाउन स्थित होटल पहुंचे, जहां लगातार रणनीतिक बैठकों का दौर जारी है। दोपहर में विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में भाजपा विधायक दल की अहम बैठक होगी, जिसमें सत्ता के अंतिम समीकरण तय किए जाएंगे।

शनिवार को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह को भाजपा ऐतिहासिक सत्ता परिवर्तन के रूप में पेश करने की तैयारी में है। समारोह में नरेंद्र मोदी समेत एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे।

पश्चिम बंगाल की राजनीति में यह बदलाव सिर्फ सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि ममता बनर्जी के 15 साल लंबे शासन पर भाजपा की सबसे बड़ी राजनीतिक चोट माना जा रहा है। भाजपा खेमे में इसे “बंगाल में विचारधारा की जीत” बताया जा रहा है, जबकि तृणमूल के लिए यह हार आत्ममंथन का सबसे बड़ा कारण बन चुकी है।

Snigdha Singh
ABOUT THE AUTHOR

Snigdha Singh

Hi! I am Snigdha Singh, Leadership role in Newstrack. Leading the editorial desk team with ideation and news selection and also contributes with special articles and features as well. I started my journey in journalism in 2017 and has worked with leading publications such as Jagran, Hindustan and Rajasthan Patrika and served in Kanpur, Lucknow, Noida and Delhi during my journalistic pursuits.

Next Story