Brij Bhushan Singh: कोर्ट में कुश्ती, बाहर सियासी दंगल! बृजभूषण बोले- 'देवी जी रायता फैलाकर गई हैं…’

Brij Bhushan Singh: दिल्ली कोर्ट में बृजभूषण शरण सिंह केस की सुनवाई के बीच फिर गरमाई सियासत! विनेश फोगाट पर तीखे बयान, WFI का बड़ा एक्शन और साक्षी मलिक का खुला समर्थन, जानिए कुश्ती और राजनीति के इस हाई-वोल्टेज विवाद की पूरी कहानी।

Snigdha Singh
Published on: 12 May 2026 3:49 PM IST
Brij Bhushan Singh: कोर्ट में कुश्ती, बाहर सियासी दंगल! बृजभूषण बोले- देवी जी रायता फैलाकर गई हैं…’
X

Brij Bhushan Sharan Singh: दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में मंगलवार को महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न मामले की सुनवाई के दौरान एक बार फिर सियासत और खेल जगत में हलचल तेज हो गई। अदालत में SIT सदस्य का बयान दर्ज किया गया, जबकि मामले की अगली सुनवाई अब 15 और 19 मई को होगी। इन तारीखों पर जांच अधिकारी (IO) का बयान दर्ज किया जाएगा।

इस बीच पूर्व बीजेपी सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने कांग्रेस नेता और स्टार पहलवान विनेश फोगाट पर तीखा हमला बोला। विनेश को खेलने से रोके जाने के सवाल पर बृजभूषण ने कहा, मेरे लिए जो रायता फैलाकर गई हैं देवी जी, हम उसी को कोर्ट में निपटा रहे हैं। कुश्ती कहां होगी और कौन खेलेगा, यह मेरा विषय नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि मौजूदा WFI ही तय करता है कि कौन खिलाड़ी खेलेगा और कौन नहीं। हालांकि अपने लंबे अनुभव का हवाला देते हुए उन्होंने दावा किया कि WFI खिलाड़ियों को रोकने के लिए नहीं, बल्कि उनके हित के लिए बनी संस्था है।

15 पन्नों का कारण बताओ नोटिस

दरअसल, विनेश फोगाट की मैट पर वापसी उस वक्त विवादों में घिर गई, जब WFI ने उन्हें 10 से 12 मई तक गोंडा में आयोजित नेशनल ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट में हिस्सा लेने से रोक दिया। महासंघ ने उन पर अनुशासनहीनता, एंटी-डोपिंग नियमों के उल्लंघन, भारतीय कुश्ती की छवि खराब करने और नियमों की अनदेखी जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए 15 पन्नों का कारण बताओ नोटिस जारी किया। साथ ही साफ कर दिया कि विनेश 26 जून 2026 तक घरेलू प्रतियोगिताओं में हिस्सा नहीं ले सकेंगी।

साक्षी मलिक ने किया समर्थन

वहीं, ओलंपिक कांस्य पदक विजेता साक्षी मलिक खुलकर विनेश के समर्थन में उतर आई हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया भर में मां बनने के बाद महिला खिलाड़ियों को वापसी के लिए नियमों में राहत दी जाती है, लेकिन भारत में विनेश की राह रोकने की कोशिश हो रही है। साक्षी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, खेल मंत्री मनसुख मांडविया और WFI से अपील करते हुए कहा कि विनेश का ट्रायल कराया जाए ताकि वह फिर देश के लिए पदक जीत सकें और महिलाओं के लिए मिसाल बनें।

गौरतलब है कि बृजभूषण शरण सिंह पर महिला पहलवानों द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों ने पूरे देश में बड़ा आंदोलन खड़ा कर दिया था। कई नामी पहलवान सड़कों पर उतर आए थे, जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। अब अदालत में सुनवाई जारी है, जबकि दूसरी ओर बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी लगातार तेज होता जा रहा है।

Snigdha Singh
ABOUT THE AUTHOR

Snigdha Singh

Hi! I am Snigdha Singh, Leadership role in Newstrack. Leading the editorial desk team with ideation and news selection and also contributes with special articles and features as well. I started my journey in journalism in 2017 and has worked with leading publications such as Jagran, Hindustan and Rajasthan Patrika and served in Kanpur, Lucknow, Noida and Delhi during my journalistic pursuits.

Next Story