TRENDING TAGS :
Cockroach Janata Party Protest: धरने पर कॉकरोच...HIT स्प्रे लेकर पहुंचा शख्स! जंतर-मंतर पर हड़कंप
Cockroach Janata Party Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के दौरान उस समय हड़कंप मच गया जब एक शख्स HIT स्प्रे लेकर पहुंच गया। अभिजीत दिपके की मौजूदगी में हुए प्रदर्शन में धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठी और पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
Image Source- Social Media
Cockroach Janata Party Protest: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दिपके शनिवार को राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर स्थित प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे। उनके पहुंचने पर समर्थकों ने जय भीम के नारों के साथ उनका स्वागत किया। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र और युवा शामिल हुए। वहीं इस दौरान यहां हड़कंप तब मैच गया जब प्रदर्शन के बीच एक व्यक्ति हिट स्प्रे लेकर वहां पहुंच गया।
बोस्टन से दिल्ली पहुंचे अभिजीत दिपके
आपको बताते चलें कि, कॉकरोच जनता पार्टी प्रतियोगी परीक्षाओं और प्रवेश परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर लगातार आवाज उठा रही है। पार्टी का कहना है कि नीट-यूजी पेपर लीक समेत कई परीक्षा विवादों ने देश के लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है और इसके लिए जवाबदेही तय होनी चाहिए।
यहां अभिजीत दिपके शनिवार सुबह अमेरिका के बोस्टन से नई दिल्ली पहुंचे। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सैकड़ों युवाओं ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट पर उनके समर्थन में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
एयरपोर्ट से निकलने के बाद अभिजीत दिपके भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जंतर-मंतर पहुंचे और प्रदर्शन में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली से जुड़े विवादों ने करोड़ों युवाओं के भविष्य पर सवाल खड़े कर दिए हैं और इस मामले में जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए। उन्होंने दोहराया कि धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए।
हिट स्प्रे लेकर पहुंचा एक शख्स
वहीं यहां जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के दौरान एक व्यक्ति हिट स्प्रे लेकर पहुंच गया। उसने कॉकरोच जनता पार्टी को टुकड़े-टुकड़े गैंग का विस्तार बताया।
इस दौरान वहां मौजूद सीजेपी समर्थकों और उस व्यक्ति के बीच हल्की कहासुनी और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। मामला बढ़ता देख पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप किया और उस व्यक्ति को वहां से हटा दिया। इसके बाद स्थिति सामान्य हो गई और प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहा।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की उठी मांग
जंतर-मंतर के आसपास बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जुटे रहे। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी की।
कॉकरोच जनता पार्टी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक वीडियो भी साझा किया। वीडियो में प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उन्होंने शिक्षा मंत्री को चुनकर भेजा है और उनका वेतन जनता के टैक्स के पैसे से जाता है। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि उनके कार्यकाल में करोड़ों युवाओं का भविष्य अंधकार में चला गया है। वीडियो में प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कॉकरोच आ रहे हैं और धर्मेंद्र प्रधान जा रहे हैं।
सोशल मीडिया से शुरू हुई थी CJP
आपको बताते चलें कि, कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत सोशल मीडिया पर एक व्यंग्यात्मक अभियान के रूप में हुई थी। यह अभियान उस समय चर्चा में आया था जब भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत की युवाओं के एक विशेष समूह को कॉकरोच बताए जाने संबंधी टिप्पणी सामने आई थी।
इसके बाद सोशल मीडिया पर कॉकरोच जनता पार्टी को व्यापक समर्थन मिलने लगा और यह अभियान धीरे-धीरे एक बड़े सार्वजनिक आंदोलन के रूप में चर्चा का विषय बन गया।
दिल्ली पुलिस ने दी प्रदर्शन की अनुमति
दिल्ली पुलिस ने शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी को जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन की अनुमति दे दी। पुलिस को उसी दिन पार्टी की ओर से औपचारिक अनुरोध प्राप्त हुआ था।
अनुरोध मिलने के बाद पुलिस ने जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन की मंजूरी प्रदान कर दी। इसके बाद भारी पुलिस बल की मौजूदगी में प्रदर्शन जारी रहा और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर रखी गई।
छात्रों और युवाओं की भागीदारी बनी चर्चा का विषय
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्रों और युवाओं की मौजूदगी देखने को मिली। परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और कथित अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाने के लिए कई युवा जंतर-मंतर पहुंचे।
अभिजीत दिपके की मौजूदगी और धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित इस प्रदर्शन ने राजधानी दिल्ली में राजनीतिक और सामाजिक चर्चा को तेज कर दिया है।


