DU Female Professor मर्डर का खुला ‘राज’! कोलकाता में रची गई साजिश, इस वजह से हुई वारदात

DU Professor Debosmita Paul Murder Case Solved: दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके में महिला प्रोफेसर की हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

Shishumanjali kharwar
Published on: 7 Jun 2026 2:53 PM IST
DU Professor Debosmita Paul Murder Case Solved
X

DU Professor Debosmita Paul Murder Case Solved

DU Professor Debosmita Paul Murder Case Solved: दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके में महिला प्रोफेसर की हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दिल्ली पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए एक महिला और एक पुरुष आरोपी को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी पति-पत्नी हैं और उन्हें पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह संपत्ति विवाद बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार मृतका को पश्चिम बंगाल में अपने नाना से एक संपत्ति विरासत में मिली थी। गिरफ्तार दंपती उसी संपत्ति में किराएदार के रूप में रह रहे थे। जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से उस संपत्ति पर कब्जा करना चाहते थे और इसी को लेकर प्रोफेसर पर दबाव बना रहे थे।

हत्या की साजिश बनाकर पहुंचे दिल्ली

जांच में पता चला है कि हत्याकांड के दिन आरोपी पश्चिम बंगाल से दिल्ली पहुंचे थे। उन्होंने महिला प्रोफेसर से मिलने के बहाने उनके न्यू अशोक नगर स्थित फ्लैट में प्रवेश किया। पुलिस के मुताबिक दोनों अपने साथ एक बच्चे को भी लेकर आए थे, ताकि किसी को उन पर शक न हो। फ्लैट के अंदर पहुंचने के बाद आरोपियों ने कथित रूप से अपने साथ लाए गए हथियार से महिला की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। बाद में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर दोनों को पश्चिम बंगाल के वर्धमान क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

फ्लैट में मिला था प्रोफेसर का शव

मृतका की पहचान 49 वर्षीय देवस्मिता पॉल के रूप में हुई है, जो दिल्ली विश्वविद्यालय से संबद्ध शिवाजी कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर थीं। वह पूर्वी दिल्ली के वसुंधरा एन्क्लेव स्थित अपने फ्लैट में अकेली रहती थीं। घटना का खुलासा तब हुआ जब उनकी बहन लगातार फोन करने के बावजूद उनसे संपर्क नहीं कर सकीं। किसी अनहोनी की आशंका होने पर वह फ्लैट पर पहुंचीं। वहां फ्लैट बाहर से बंद मिला। ताला तोड़कर अंदर जाने पर उन्होंने देवस्मिता पॉल का शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

पुलिस जांच में तेजी

सूचना मिलने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी जानकारियों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों आरोपियों को दिल्ली लाकर आगे पूछताछ की जाएगी। मामले में हत्या की साजिश, संपत्ति विवाद और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Shishumanjali kharwar
ABOUT THE AUTHOR

Shishumanjali kharwar

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story