Tax Free Bonds India 2026: अर्थव्यवस्था को रफ्तार देने की तैयारी, विदेशी निवेशकों को मिला टैक्स-फ्री बॉन्ड का फायदा

Foreign Investors Tax Free Bonds India 2026: भारत सरकार ने विदेशी निवेशकों को सरकारी बॉन्ड निवेश पर टैक्स छूट देने का फैसला किया है। जानिए इससे अर्थव्यवस्था, बॉन्ड बाजार और विदेशी निवेश पर क्या असर पड़ेगा।

Jyotsana Singh
Published on: 5 Jun 2026 2:51 PM IST (Updated on: 5 Jun 2026 2:53 PM IST)
Foreign investors get tax free bond benefit in India 2026 indian economy boost
X

Foreign Investors Tax Free Bonds India 2026

Foreign Investors Tax Free Bonds India 2026: विदेशी निवेशकों को आकर्षित करने और भारतीय अर्थव्यवस्था को वैश्विक निवेश का नया इंजन देने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) को भारतीय सरकारी बॉन्ड (G-Secs) में निवेश से होने वाली आय पर टैक्स छूट देने का फैसला किया है। 1 अप्रैल 2026 से लागू होने वाले इस प्रावधान का उद्देश्य विदेशी पूंजी को आकर्षित करना, सरकारी उधारी की लागत कम करना और भारत के बॉन्ड बाजार को वैश्विक निवेशकों के लिए अधिक प्रतिस्पर्धी बनाना है। ऐसे समय में जब दुनिया भर के निवेशक सुरक्षित और स्थिर निवेश विकल्प तलाश रहे हैं, भारत का यह फैसला सरकारी बॉन्ड बाजार में बड़े बदलाव की शुरुआत माना जा रहा है। आइए इस विषय पर जानते हैं विस्तार से -

सरकार ने अध्यादेश के जरिए किया बड़ा बदलाव

केंद्र सरकार ने आयकर कानून में संशोधन करते हुए एक अध्यादेश जारी किया है। इसके तहत इनकम टैक्स कानून के शेड्यूल-4 में दो नए प्रावधान 13D और 13E जोड़े गए हैं। इन प्रावधानों के माध्यम से पात्र विदेशी निवेशकों को भारतीय सरकारी प्रतिभूतियों से होने वाली कुछ आय पर कर छूट मिलेगी। यह नया नियम 1 अप्रैल 2026 से आधिकारिक रूप से लागू होगा। सरकार का मानना है कि टैक्स छूट मिलने से विदेशी निवेशकों की भारतीय बॉन्ड बाजार में रुचि बढ़ेगी और निवेश का प्रवाह तेज होगा।

आखिर क्या होते हैं सरकारी बॉन्ड?

सरकारी बॉन्ड या जी-सेक (Government Securities) वे वित्तीय साधन हैं जिनके जरिए केंद्र सरकार बाजार से धन जुटाती है। निवेशक सरकार को निश्चित अवधि के लिए पैसा उधार देते हैं और बदले में उन्हें तय ब्याज मिलता है। चूंकि इन बॉन्ड के पीछे सरकार की गारंटी होती है, इसलिए इन्हें सबसे सुरक्षित निवेश विकल्पों में गिना जाता है। विदेशी निवेशकों के लिए अब इन बॉन्ड से होने वाली आय पर टैक्स छूट मिलने से इनको लेकर आकर्षक और ज्यादा बढ़ने की उम्मीद की जा रही है।

टैक्स में राहत से सरकार को क्या होगा फायदा?

वित्त विशेषज्ञों का मानना है कि इस फैसले से भारत में विदेशी पूंजी निवेश में तेजी आ सकती है। सरकार को अपने विकास कार्यों, बुनियादी ढांचा परियोजनाओं और अन्य खर्चों के लिए बड़े पैमाने पर धन जुटाने की जरूरत होती है। यदि विदेशी निवेशक अधिक मात्रा में सरकारी बॉन्ड खरीदते हैं तो सरकार को घरेलू बाजार पर कम निर्भर रहना पड़ेगा। इसके अलावा अधिक मांग के कारण सरकारी बॉन्ड की यील्ड में कमी आ सकती है, जिससे सरकार की उधारी की लागत भी घट सकती है। इसका सीधा फायदा सरकारी वित्तीय प्रबंधन को मिलेगा।

वैश्विक निवेशकों के लिए क्यों खास है यह फैसला?

दुनिया के कई बड़े देशों में सरकारी बॉन्ड निवेशकों को कर संबंधी विशेष रियायतें दी जाती हैं। भारत का बॉन्ड बाजार आकार के लिहाज से दुनिया के बड़े बाजारों में शामिल है, लेकिन विदेशी निवेशकों की हिस्सेदारी अभी भी अपेक्षाकृत सीमित रही है। टैक्स छूट मिलने से भारत वैश्विक फंड मैनेजरों, पेंशन फंड्स और सरकार द्वारा संचालित निवेश फंड के लिए अधिक आकर्षक गंतव्य बन सकता है। इससे भारतीय बॉन्ड बाजार में तरलता बढ़ेगी और विदेशी निवेशकों की भागीदारी मजबूत होगी।

भारतीय अर्थव्यवस्था पर क्या पड़ेगा असर?

अर्थशास्त्रियों के अनुसार विदेशी निवेश बढ़ने से देश के विदेशी मुद्रा भंडार को मजबूती मिल सकती है। साथ ही रुपये को स्थिरता मिलने की संभावना भी बढ़ेगी। बड़े पैमाने पर विदेशी पूंजी आने से वित्तीय बाजारों में विश्वास मजबूत होगा और भारत की वैश्विक आर्थिक साख को भी फायदा मिल सकता है। लेकिन इसी के साथ विशेषज्ञ यह भी मानते हैं कि विदेशी निवेश पर अत्यधिक निर्भरता से बाजार में अस्थिरता का जोखिम बना रहता है, इसलिए संतुलन बनाए रखना जरूरी होगा।

आरबीआई ने रेपो रेट में नहीं किया कोई भी बदलाव

इसी बीच भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने शुक्रवार, 5 जून को अपनी मौद्रिक नीति समीक्षा में रेपो रेट को 5.25 प्रतिशत पर बरकरार रखने का फैसला किया है। आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा ने बताया कि 3 से 5 जून तक चली मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक में आर्थिक और वित्तीय परिस्थितियों की समीक्षा के बाद यह निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया।

केंद्रीय बैंक ने अपना पॉलिसी स्टांस भी न्यूट्रल बनाए रखा है। आरबीआई का कहना है कि वैश्विक अनिश्चितताओं, ऊर्जा कीमतों में उतार-चढ़ाव और महंगाई से जुड़े जोखिमों को देखते हुए फिलहाल सतर्क रुख बनाए रखना जरूरी है।

Jyotsana Singh
ABOUT THE AUTHOR

Jyotsana Singh

Jyotsana Singh is an Tech/Auto and Tourism Desk Content Writer at Newstrack.com.

Next Story