TRENDING TAGS :
Annamalai Net Worth: IPS की नौकरी छोड़ राजनीति में आए अन्नामलाई, जानिए कितनी है उनकी कुल संपत्ति
Annamalai Net Worth: भाजपा नेता के. अन्नामलाई के पार्टी छोड़ने की अटकलों ने तमिलनाडु की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है। जानिए उनकी संपत्ति और राजनीतिक भविष्य।
Annamalai Net Worth
Annamalai Net Worth: तमिलनाडु भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और पार्टी के सबसे चर्चित चेहरों में शामिल के. अन्नामलाई एक बार फिर राजनीतिक चर्चाओं के केंद्र में हैं। पिछले एक दशक में भाजपा के लिए तमिलनाडु में मजबूत पहचान बनाने वाले अन्नामलाई के बारे में अटकलें लगाई जा रही हैं कि वह जल्द ही पार्टी छोड़कर अपनी नई राजनीतिक पार्टी का गठन कर सकते हैं। हालांकि, भाजपा नेतृत्व और अन्नामलाई के बीच अभी बातचीत जारी है और फिलहाल उनके किसी तत्काल फैसले की पुष्टि नहीं हुई है।
IPS अधिकारी से बने लोकप्रिय नेता
41 वर्षीय के. अन्नामलाई राजनीति में आने से पहले भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के अधिकारी रह चुके हैं। वह 2011 बैच के कर्नाटक कैडर के अधिकारी थे और उडुपी सहित कई जिलों में पुलिस अधीक्षक के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। मई 2019 में उन्होंने अपनी सरकारी नौकरी से इस्तीफा दे दिया था। उस समय वह बेंगलुरु दक्षिण में उपायुक्त के पद पर कार्यरत थे।
अन्नामलाई (Annamalai News) ने कई बार सार्वजनिक रूप से बताया है कि एक वरिष्ठ अधिकारी की स्वाइन फ्लू से हुई मौत और उनकी कैलाश मानसरोवर यात्रा ने जीवन के प्रति उनका नजरिया बदला, जिसके बाद उन्होंने सार्वजनिक जीवन में सक्रिय भूमिका निभाने का फैसला किया।
कितनी है अन्नामलाई की संपत्ति? (Annamalai Net Worth)
राजनीति में सक्रिय अन्नामलाई ने 2024 के लोकसभा चुनाव में भी भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) की 2024 की रिपोर्ट के अनुसार उनकी कुल संपत्ति 4.07 करोड़ रुपये से अधिक है। इसमें लगभग 2.42 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और करीब 1.65 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है। उनकी संपत्ति का विवरण चुनावी हलफनामे में भी दर्ज किया गया था।
भाजपा से नाराजगी की क्या है वजह? (Annamalai Latest News)
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि अन्नामलाई तमिलनाडु की राजनीति में अपनी रणनीति के अनुसार काम करना चाहते हैं। सूत्रों के मुताबिक, वह राज्य में भाजपा की भविष्य की दिशा तय करने में अधिक स्वतंत्रता चाहते हैं। हालांकि पार्टी नेतृत्व इस मामले में अलग राय रखता है। तमिलनाडु में टीवीके के उभार और बदलते राजनीतिक समीकरणों के बीच अन्नामलाई के समर्थकों ने नई राजनीतिक संभावनाओं पर चर्चा शुरू कर दी है। यही वजह है कि उनके नई पार्टी बनाने की अटकलें भी तेज हो गई हैं।
भाजपा नेतृत्व ने फिलहाल रोका कदम
सूत्रों के अनुसार अन्नामलाई ने भाजपा नेतृत्व, गृह मंत्री अमित शाह और अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ अपनी भविष्य की भूमिका को लेकर चर्चा की है। भाजपा उन्हें राष्ट्रीय राजनीति में बड़ी जिम्मेदारी देना चाहती है, जबकि अन्नामलाई राज्य की राजनीति में सक्रिय बने रहना चाहते हैं।
बताया जा रहा है कि भाजपा नेतृत्व ने फिलहाल उनके इस्तीफे की संभावना को खारिज कर दिया है और उन्हें नई भूमिका के लिए इंतजार करने को कहा है। अन्नामलाई के करीबी सूत्रों का कहना है कि उन्होंने अभी कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है, लेकिन यदि उनकी भूमिका को लेकर स्पष्टता नहीं आती है तो भविष्य में बड़े राजनीतिक कदम से इनकार नहीं किया जा सकता। फिलहाल तमिलनाडु की राजनीति में इस मुद्दे को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।


