Mizoram Election 2023: मिजोरम चुनाव के नतीजे 3 को नहीं 4 दिसंबर को आएंगे, चुनाव आयोग ने दी जानकारी

Mizoram Election 2023: शुक्रवार एक दिसंबर की देर शाम चुनाव आयोग ने यह जानकारी दी। राज्य में सात नवंबर को एक चरण में सभी 40 सीटों पर मतदान हुआ था और नतीजे बाकी के चार चुनावी राज्यों के साथ कल यानी रविवार 3 दिसंबर को आने वाले थे।

Krishna Chaudhary
Published on: 2 Dec 2023 7:54 AM IST
Mizoram Election 2023 date
X

Mizoram Election 2023 date (photo: social media )

Mizoram Election 2023: पांच चुनावी राज्यों में शामिल पूर्वोत्तर राज्य मिजोरम में मतगणना को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। चुनाव आयोग ने यहां काउंटिंग की तारीख में बदलाव किया है। मिजोरम विधानसभा चुनाव के लिए वोटों की गिनती अब 3 दिसंबर की बजाय 4 दिसंबर को होगी। शुक्रवार एक दिसंबर की देर शाम चुनाव आयोग ने यह जानकारी दी। राज्य में सात नवंबर को एक चरण में सभी 40 सीटों पर मतदान हुआ था और नतीजे बाकी के चार चुनावी राज्यों के साथ कल यानी रविवार 3 दिसंबर को आने वाले थे।

दरअसल, ईसाई आबादी बहुल मिजोरम में रविवार को काउंटिंग की तारीख का काफी समय से विरोध हो रहा था। यहां के कई ईसाई संगठन चुनाव आयोग से इस तारीख में बदलाव की मांग कर रहे थे। रविवार ईसाईयों के लिए पवित्र दिन है। इस दिन ईसाई समुदाय के लोग कई कार्यक्रम करते हैं। रविवार को काउंटिंग होने के कारण इनमें बदलाव करना पड़ेगा, इसलिए मांग की जा रही थी कि इस दिन मतगणना न कराई जाए।

कई दिनों से चल रहा था विरोध प्रदर्शन

मिजोरम में काउंटिंग डे बदलने को लेकर कई दिनों से विरोध प्रदर्शन चल रहा था। इन प्रदर्शनों की अगुवाई मुख्य तौर पर एनजीओ कॉर्डिनेशन कमेटी (NGOCC), सेंट्रल यंग मिजो एसोसिएशन (CYMA) और मिजो जिरलाई पॉल (MZP) जैसे संगठन कर रहे थे, जिन्हें सियासी दलों का समर्थन हासिल था। शुक्रवार एक दिसंबर को राजभवन के पास इन संगठनों की ओर से बड़ी रैली की गई थी और चुनाव आयोग पर हमला बोला गया था। बता दें कि मिजोरम की कुल आबादी 11 लाख है, इनमें से 9.56 लाख ईसाई हैं।


इन दो दलों के बीच है मुख्य मुकाबला

मिजोरम की 40 विधानसभा सीटों पर सात नवंबर को मतदान संपन्न हुआ था। राज्य में 77.04 प्रतिशत वोटिंग हुई थी, जो कि पिछली बार से कम है। 2018 के विधानसभा चुनाव में 81.61 प्रतिशत वोट पड़े थे। राज्य में चार बड़ी पार्टियां चुनाव मैदान में है, ये है - सत्तारूढ़ मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ), जोरम पीपुल्स मुवमेंट (जेपीएम), कांग्रेस और बीजेपी।

तमाम एग्जिट पोल राज्य में मुख्य मुकाबला एमएनएफ और जेपीएम के बीच होने की भविष्यवाणी कर रहे हैं। दोनों के बीच कांटे की टक्कर है। वहीं, कांग्रेस और बीजेपी तीसरे और चौथे स्थान के लिए संघर्ष कर रहे हैं। गत यानी 2018 के विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ मिजो नेशनल फ्रंट ने 26 सीटें हासिल कर अपने बल पर सरकार बनाई थी। जेपीएम 8, कांग्रेस 5 और बीजेपी महज एक सीट जीत पाई थी।

Krishna Chaudhary
ABOUT THE AUTHOR

Krishna Chaudhary

Krishna Chaudhary having four year experience of working in different positions during his Journalism. Having Expertise to create content in Politics, Crime, National and International Affiars.

Next Story