TRENDING TAGS :
NEET-UG 2026 Paper Leak Row: पेपर लीक पर NTA चेयरमैन 21 मई को तलब
NEET-UG 2026 Paper Leak Row: नीट यूजी 2026 पेपर लीक मामले में संसदीय समिति ने एनटीए चेयरमैन समेत शिक्षा मंत्रालय के अधिकारियों को 21 मई को तलब किया।
NEET-UG 2026 Paper Leak Row Pradeep Kumar Joshi
NEET-UG 2026: नीट यूजी 2026 मेडिकल प्रवेश परीक्षा का पेपर लीक मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। मामले को लेकर अब संसद की स्थायी समिति ने कड़ा कदम उठाया है जिसमें एनटीए चेयरमैन प्रदीप कुमार जोशी सहित एजुकेशन मिनिस्ट्री के कई बड़े अफसरों को 21 मई को तलब किया गया है।
आपको बता दें कि संसदीय समिति अब नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) में किये जा रहे बदलावों और नीट पेपर लीक मामले की चल रही जांच की समीक्षा करेगी। इस संबंध में 21 मई को अहम बैठक बुलायी गई है।
राज्यसभा की ओर से जारी नोटिस के अनुसार, शिक्षा, महिला, बाल, युवा और खेल मामलों की संसदीय स्थायी समिति इस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा करेगी। समिति का नेतृत्व कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह कर रहे हैं।
बैठक में शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग के सचिव विनित जोशी और एनटीए चेयरमैन प्रदीप कुमार जोशी को बुलाया गया है। समिति के राधाकृष्णन कमेटी की रिपोर्ट के तहत एनटीए सुधारों की प्रगति की समीक्षा भी करेगी।
जैसी कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शुक्रवार को घोषणा की थी उसके अनुसार नीट यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी। मंत्री ने यह भी घोषणा की है कि अगले वर्ष से मेडिकल प्रवेश परीक्षा पूरी तरह कंप्यूटर आधारित होगी।
3 मई को आयोजित की गई नीट यूजी 2026 परीक्षा में करीब 23 लाख उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। लेकिन परीक्षा के बाद पेपर लीक और गड़बड़ी के आरोप सामने आए, जिसके बाद एनटीए ने परीक्षा रद्द कर दी थी।


