Manipur Foundation Day: देश की प्रगति में मणिपुर का बड़ा योगदान, राज्य दिवस पर बोले पीएम मोदी, त्रिपुरा और मेघालय के लोगों को भी दीं शुभकामनाएं

Manipur Foundation Day: प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश को आगे बढ़ाने में मणिपुर राज्य ने महत्वपूर्ण योगदान किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि हमें राज्य की परंपराओं और संस्कृति पर गर्व है।

Anshuman Tiwari
Published on: 21 Jan 2024 11:32 AM IST (Updated on: 21 Jan 2024 11:55 AM IST)
Manipur Foundation Day
X

PM Modi  (PHOTO: social media ) 

Manipur Foundation Day: पूर्वोत्तर के तीन महत्वपूर्ण राज्यों मणिपुर,मेघालय और त्रिपुरा की स्थापना के पांच दशक से अधिक का समय बीत गया है। पूर्वोत्तर क्षेत्र (पुनर्गठन) अधिनियम 1971 के तहत मणिपुर, मेघालय और त्रिपुरा को 21 जनवरी 1972 को अलग राज्य का दर्जा दिया गया था। मणिपुर की स्थापना दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य के लोगों को अपनी शुभकामनाएं दी हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश को आगे बढ़ाने में मणिपुर राज्य ने महत्वपूर्ण योगदान किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि हमें राज्य की परंपराओं और संस्कृति पर गर्व है। प्रधानमंत्री ने त्रिपुरा और मेघालय के लोगों को भी अपनी शुभकामनाएं दी हैं।

मणिपुर की संस्कृति और परंपराओं पर गर्व

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा किया। पीएम मोदी ने लिखा कि राज्य के लोगों को मेरी शुभकामनाएं। मणिपुर ने भारत की प्रगति में एक मजबूत योगदान दिया है। हमें राज्य की संस्कृति और परंपराओं पर गर्व है। मैं मणिपुर के निरंतर विकास के लिए प्रार्थना करता हूं।

त्रिपुरा और मेघालय के लोगों को भी शुभकामनाएं

मणिपुर के अलावा प्रधानमंत्री मोदी ने त्रिपुरा के लोगों को भी राज्य स्थापना दिवस के मौके पर शुभकामनाएं दी हैं। राज्य के लोगों को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कामना की कि यह दिन राज्य के अद्वितीय इतिहास और समृद्ध विरासत का जश्न मनाए। उन्होंने कहा कि त्रिपुरा के लोगों की समृद्धि और सद्भाव की कामना करता हूं।

पीएम मोदी ने मेघालय को राज्य दिवस की शुभकामनाएं दीं और एक्स पोस्ट पर लिखा कि मेघालय के लोगों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं। आज मेघालय की अविश्वसनीय संस्कृति और वहां के लोगों की उपलब्धियों का जश्न मनाने का अवसर है। आने वाले समय में मेघालय प्रगति की नई ऊंचाइयों को छुए।

1972 में हुआ था तीनों राज्यों का गठन

मणिपुर, मेघालय और त्रिपुरा को पूर्वोत्तर क्षेत्र (पुनर्गठन) अधिनियम 1971 के तहत 21 जनवरी 1972 को अलग राज्य का दर्जा दिया गया था। मणिपुर और त्रिपुरा एक रियासत थी। अक्टूबर 1949 में दोनों राज्यों को भारत में समाहित किया गया था।

आजादी के बाद मेघालय असम का हिस्सा था. 1971 के उत्तर-पूर्वी क्षेत्र (पुनर्गठन) अधिनियम के अधिनियमित होने के बाद ये राज्य अस्तित्व में आए। आजादी के 24 वर्षों के बाद भारत के पूर्वोत्तर क्षेत्र की सीमाओं में एक महत्वपूर्ण बदलाव आया और इसे राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों (यूटी) में विभाजित कर दिया गया।

हाल के दिनों में मणिपुर हिंसा की घटनाओं के कारण काफी चर्चा में रहा है। मणिपुर की हिंसा को लेकर संसद में काफी हंगामा भी हुआ था। केंद्र और राज्य सरकार की तमाम कोशिशों के बावजूद अभी तक मणिपुर में हिंसा की घटनाओं पर रोक नहीं लग सकी है।

Anshuman Tiwari
ABOUT THE AUTHOR

Anshuman Tiwari

न्यूजट्रैक ग्रुप की कोर टीम के सदस्य हूँ। मीडिया में 35 वर्षों से अधिक का करियर है। प्रमुख हिंदी अखबारों में वरिष्ठ पदों पर काम किया है। देश के प्रतिष्ठित संस्थान Indian Institute of Mass Communication से शिक्षा लेने के बाद दिल्ली, लखनऊ, वाराणसी में हिंदुस्तान, अमर उजाला, राष्ट्रीय सहारा और दैनिक जागरण जैसे विभिन्न प्रमुख समाचार पत्रों में काम किया।

Next Story