Shashi Tharoor on NEET Paper Leak: छात्र खुद को ठगा हुआ...शशि थरूर ने मोदी सरकार पर उठाए बड़े सवाल

Shashi Tharoor on NEET Paper Leak: नीट 2026 पेपर लीक मामले पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए सरकार, मंत्रालय और एनटीए को जिम्मेदार ठहराया तथा कहा कि ऐसी घटनाएं दोबारा नहीं होनी चाहिए।

Aditya Kumar Verma
Published on: 2 Jun 2026 4:22 PM IST
Shashi Tharoor on NEET Paper Leak
X

Image Source Ai

Shashi Tharoor on NEET Paper Leak: राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा यानी नीट पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने परीक्षा प्रणाली की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर ऐसी प्रक्रिया चलाई जाती है, जिस पर छात्रों को भरोसा ही न हो सके, तो यह बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार से अपील करते हुए कहा है कि छात्र खुद को ठगा हुआ महसूस करते हैं, इस तरह की घटनाएं दोबारा नहीं होनी चाहिए।

छात्रों के साथ अन्याय के आरोप

शशि थरूर ने कहा कि दुर्भाग्य की बात यह है कि जो छात्र-छात्राएं लंबे समय तक कड़ी मेहनत और तैयारी करते हैं, उन्हें अचानक यह पता चलता है कि परीक्षा प्रक्रिया में लीक, भ्रष्टाचार और बेईमानी जैसी बातें शामिल हो गई हैं। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया दूषित हो जाती है और कई बार परीक्षाएं रद्द करनी पड़ती हैं तथा उन्हें फिर से आयोजित करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि जब छात्र ऐसी परिस्थितियां देखते हैं तो वे खुद को ठगा हुआ महसूस करते हैं। उनके भीतर निराशा पैदा होती है क्योंकि उनकी मेहनत और भविष्य दोनों पर सवाल खड़े हो जाते हैं।

गारंटी को लेकर सरकार से सवाल

कांग्रेस सांसद ने कहा कि दुनिया भर में कई प्रतियोगी परीक्षाएं निष्पक्ष तरीके से आयोजित होती हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि चाहे एसएटी परीक्षा हो, कैंब्रिज परीक्षा हो, आईएससी हो या कोई अन्य परीक्षा, इनका संचालन निष्पक्ष ढंग से किया जाता है।

उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ऐसा क्यों है कि केवल सरकार द्वारा संचालित परीक्षाओं में ही बार-बार गड़बड़ियां सामने आती हैं। शशि थरूर ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा जैसी एक सामान्य प्रक्रिया की निष्पक्षता और निष्ठा की गारंटी देने में सरकार क्यों असफल साबित हो रही है।

उन्होंने कहा कि उनके अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की इस मामले में पूरी जिम्मेदारी बनती है। उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं हुआ है, लेकिन यह आखिरी बार जरूर होना चाहिए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए।

सरकार, मंत्रालय और एनटीए को बताया जिम्मेदार

शशि थरूर ने कहा कि यह पूरी तरह सरकार की कमी है और इसके लिए सरकार को जवाबदेह होना चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल बयान देने से काम नहीं चलेगा बल्कि समस्या को ठीक करने के लिए ठोस कार्रवाई करनी होगी।

उन्होंने कहा कि अगर ऐसा नहीं किया गया तो यह पूरी पीढ़ी के साथ विश्वासघात होगा। उन्होंने कहा कि इस स्थिति के लिए सरकार, मंत्रालय और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी यानी एनटीए सभी जिम्मेदार हैं।

बोले- दूसरे देशों में ऐसा नहीं होता

शशि थरूर ने कहा कि दुनिया के दूसरे देशों में प्रतियोगी परीक्षाओं का संचालन जिस तरह किया जाता है, वहां इस तरह की शर्मनाक लीक और अक्षमता देखने को नहीं मिलती। उन्होंने कहा कि भारत में बार-बार सामने आने वाले ऐसे मामले परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचाते हैं।

उन्होंने दोहराया कि छात्रों के भविष्य से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जानी चाहिए और सरकार को यह सुनिश्चित करना होगा कि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और भरोसेमंद बने।

Aditya Kumar Verma
ABOUT THE AUTHOR

Aditya Kumar Verma

आदित्य कुमार वर्मा उत्तर प्रदेश के पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने भारतीय राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य और मानवीय सरोकारों से जुड़ी खबरों की व्यापक रिपोर्टिंग की है। उनके पास मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की डिग्री है और वे रिपोर्टर, एंकर तथा सब-एडिटर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। साथ ही वो उत्तर प्रदेश की राजनीति, शासन-प्रशासन और नौकरशाही व्यवस्था की गहरी समझ रखते हैं। पत्रकारिता के अलावा उन्हें पुस्तकों का अध्ययन, लेखन, कविता-लेखन और पाठ और यात्राएं करना विशेष रूप से पसंद है। विभिन्न संस्कृतियों और समाजों को करीब से जानने-समझने की उनकी रुचि ने उनके दृष्टिकोण को व्यापक बनाया है, जिसका सकारात्मक प्रभाव उनकी लेखन शैली और रिपोर्टिंग में भी देखने को मिलता है।

Next Story