TRENDING TAGS :
Subhash Kashyap Death: कौन हैं पद्म भूषण डॉ. सुभाष कश्यप, जिन्होंने 97 की उम्र में ली अंतिम सांस
Subhash Kashyap Death: जानकारी के मुताबिक, पद्म भूषण डॉ. सुभाष सी. कश्यप का कार्डियो-पल्मोनरी अरेस्ट के कारण निधन हुआ है।
Subhash Kashyap Death
Subhash Kashyap Death: देश के प्रसिद्ध संविधान विशेषज्ञ और पद्म भूषण सम्मान से सम्मानित डॉ. सुभाष सी. कश्यप का 97 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने अपने आवास पर अंतिम सांस ली। परिवार और करीबी सूत्रों के मुताबिक, उनकी मृत्यु कार्डियो-पल्मोनरी अरेस्ट के कारण हुई।
कौन थे डॉ. सुभाष कश्यप?
सुभाष कश्यप का जन्म 10 मई 1929 को हुआ था। उन्होंने भारतीय संसद से संबंधित कई तरह की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली। वे 1984-1990 तक 7वीं, 8वीं और 9वीं लोकसभा के महासचिव के रूप में भी कार्यरत रहे,बाद में संविधान विशेषज्ञ के रूप में पूरे देश में अपनी पहचान बनाई।
डॉ. सुभाष कश्यप ने 1953 में संसद सचिवालय से अपना कार्यकाल शुरू किया और लगभग 37 साल तक संसद से जुड़े रहे। वे भारतीय संविधान, संसदीय प्रक्रिया और संवैधानिक कानून के प्रमुख जानकारों में शुमार थे। उन्होंने जिनेवा स्थित इंटरनेशनल सेंटर फॉर पार्लियामेंट्री डॉक्यूमेंटेशन (IPU) का भी नेतृत्व किया था।
उन्होंने संविधान, लोकतंत्र और शासन व्यवस्था पर 100 से अधिक पुस्तकों का लेखन और संपादन किया। उनकी विद्वता और योगदान को देखते हुए भारत सरकार ने उन्हें वर्ष 2015 में देश के तीसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'पद्म भूषण' से सम्मानित किया था।


