Tej Pratap yadav ने अखिलेश यादव से खींचे हाथ, CM योगी आदित्यनाथ के निकले फैन; सियासी बाजार गर्म

Tej Pratap yadav: तेज प्रताप यादव ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान ऐसी बात कही, जिसने सभी को चैंका दिया। तेज प्रताप ने स्पष्ट कहा कि वह अखिलेश यादव को सपोर्ट नहीं करते।

Shishumanjali kharwar
Published on: 25 May 2026 10:40 AM IST
Tej Pratap yadav
X

Tej Pratap yadav

Tej Pratap yadav: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बेटे और चर्चित नेता तेज प्रताप यादव का उत्तर प्रदेश के धार्मिक दौरों के दौरान दिया गया एक बयान ने काफी सुर्खियों में है। तेज प्रताप यादव के इस बयान ने यूपी और बिहार दोनों ही राज्यों की सियासत में हलचल मचा दी है। वाराणसी में बाबा विश्वनाथ और मिर्जापुर के विंध्याचल में मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन के बाद तेज प्रताप यादव ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान ऐसी बात कही, जिसने सभी दंग रह गये। तेज प्रताप ने स्पष्ट कहा कि वह अखिलेश यादव को सपोर्ट नहीं करते। वहीं उन्होंने साफ कहा कि उत्तर प्रदेश में फिर योगी आदित्यनाथ की सरकार बनने की संभावना ही ज्यादा है।

आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर जब पत्रकारों ने तेज प्रताप यादव से सवाल पूछा तो उन्होंने कहा कि मैं अखिलेश यादव को सपोर्ट नहीं करता हूं। इस बार पूरा चांस है कि योगी आदित्यनाथ दोबारा, यानी तीसरी बार उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने जा रहे हैं। तेज प्रताप का बयान बेहद खास माना जा रहा है क्योंकि वह अखिलेश यादव के करीबी रिश्तेदार हैं। दोनों परिवारों के बीच बेहद लंबे समय से सियासी और पारिवारिक संबंध रहे हैं।

तेज प्रताप यादव इन दिनों धार्मिक यात्रा पर निकले हुए हैं। सबसे पहले उन्होंने वाराणसी पहुंचकर बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन किए। मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि उन्हें बाबा विश्वनाथ के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने अपने माता-पिता के स्वास्थ्य, भाई-बहनों की खुशहाली और पूरे समाज में सुख-शांति की कामना की। साथ ही बिहार और देशवासियों के लिए प्रेम, भाईचारा और सद्भाव बनाए रखने की प्रार्थना भी की।

बाबा विश्वनाथ के दर्शन के बाद तेज प्रताप यादव विंध्याचल पहुंचे, जहां उन्होंने मां विंध्यवासिनी के दर्शन किए। मां विंध्यवासिनी के दर्शन की तस्वीरें भी उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा की। उन्होंने लिखा कि मां के दरबार में पहुंचकर उनका मन भक्तिभाव से भर गया। उन्होंने माता रानी से अपने परिवार, बिहारवासियों और देश के लोगों की सुख-समृद्धि की कामना की। साथ ही समाज में एकता, भाईचारे और मेल-मिलाप की भावना बनाए रखने की प्रार्थना भी की।

हालांकि, धार्मिक यात्रा के दौरान दिया गया उनका राजनीतिक बयान अब चर्चा का बड़ा विषय बन गया है। राजनीतिक जानकार इसे आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव और विपक्षी राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण मान रहे हैं। तेज प्रताप यादव के इस बयान के बाद समाजवादी पार्टी और राजद समर्थकों के बीच भी चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

Shishumanjali kharwar
ABOUT THE AUTHOR

Shishumanjali kharwar

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story