Jharkhand News : गिरिडीह छात्रा मौत मामला: मंत्री ने परिजनों से मिलकर दिया न्याय का भरोसा

Jharkhand News : गिरिडीह में छात्रा पायल कुमारी की संदिग्ध मौत पर बढ़ा आक्रोश, मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने परिजनों को न्याय का भरोसा दिया।

Newstrack Network
Published on: 25 May 2026 8:19 AM IST
Jharkhand  News : गिरिडीह छात्रा मौत मामला: मंत्री ने परिजनों से मिलकर दिया न्याय का भरोसा
X

Jharkhand student death

गिरिडीह, 24 मई (आईएएनएस)। झारखंड के गिरिडीह जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित सिरसिया गांव में 11वीं की छात्रा पायल कुमारी की संदिग्ध स्थितियों में मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। राज्य सरकार ने भी मामले को गंभीरता से लिया है।रविवार को झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू सिरसिया गांव पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर न्याय का भरोसा दिलाया। इस दौरान महापौर प्रमिला मेहरा भी उनके साथ मौजूद रहीं।

मंत्री ने परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और कहा कि किसी भी बेटी के साथ इस तरह की घटना बेहद दुखद और समाज के लिए चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि मामले में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस प्रशासन को निष्पक्ष तथा उच्चस्तरीय जांच के निर्देश दिए गए हैं।

पायल कुमारी 19 मई को घर से ट्यूशन और सिलाई प्रशिक्षण के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की और बाद में पुलिस को सूचना दी। पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य पहलुओं की जांच कर ही रही थी कि 21 मई को बरगंडा पुराने पुल के पास उसरी नदी किनारे उसका शव बरामद हुआ। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। स्थानीय लोग इसे हत्या का मामला बता रहे हैं।

रविवार को मंत्री के गांव पहुंचने के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग मौजूद रहे। लोगों ने मामले की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कराने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई। महापौर प्रमिला मेहरा ने भी परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि पूरा शहर इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ा है।

इधर पुलिस प्रशासन भी मामले की जांच में जुटा हुआ है। कई संदिग्धों से पूछताछ की गई है, हालांकि अब तक किसी गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।घटना के बाद पूरे गिरिडीह जिले में आक्रोश और चिंता का माहौल है। परिजन लगातार इसे हत्या का मामला बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

--आईएएनएस

एसएनसी/एसके

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story