TRENDING TAGS :
Matka Water Benefits: एसिडिटी से राहत और डाइजेशन होगा दुरुस्त, जानिए क्यों गर्मी में बेस्ट है मिट्टी के बर्तन का पानी
Matka Water Benefits: भीषण गर्मी में मिट्टी के घड़े, कुल्हड़ और बोतलें फिर से लोगों की पसंद बन रही हैं। जानिए इनके स्वास्थ्य और पर्यावरण से जुड़े फायदे।
Matka Water Benefits
Matka Water Benefits: देश के कई हिस्सों में इस समय भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है, जहां तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। इस बढ़ती गर्मी के बीच लोग अब एक बार फिर पारंपरिक और प्राकृतिक तरीकों की ओर लौट रहे हैं। खासतौर पर मिट्टी के बर्तन जैसे घड़ा, मिट्टी की बोतल, कुल्हड़ और मिट्टी के गिलास फिर से घरों में अपनी जगह बना रहे हैं।
मिट्टी के बर्तन क्यों हैं गर्मी में फायदेमंद (Clay Pots Benefits)
मिट्टी के बर्तनों (Matka Water Benefits) की सबसे बड़ी खासियत यह है कि ये प्राकृतिक रूप से पानी को ठंडा रखते हैं। इन बर्तनों की मिट्टी में मौजूद छोटे-छोटे छिद्रों से वाष्पीकरण की प्रक्रिया होती है, जिससे अंदर रखा पानी अपने आप ठंडा हो जाता है। यही कारण है कि बिना किसी बिजली या मशीन के भी घड़े का पानी काफी ठंडा और ताजगी देने वाला होता है।
विशेषज्ञों के अनुसार, मिट्टी के बर्तनों में रखा पानी न केवल ठंडा होता है बल्कि इसमें प्राकृतिक खनिज भी मिल जाते हैं, जो सेहत के लिए लाभकारी माने जाते हैं। इसके मुकाबले प्लास्टिक या स्टील के बर्तनों में पानी का स्वाद और गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। मिट्टी का पानी हल्का क्षारीय होता है, जो पेट की अम्लता को कम करने और पाचन तंत्र को बेहतर बनाने में मदद करता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों की भी सलाह (Kulhad Benefits)
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अनुसार, मिट्टी के बर्तन गर्मी में शरीर को प्राकृतिक रूप से ठंडक देने का काम करते हैं। इनमें रखा पानी बिना बिजली के लगभग 8 से 10 डिग्री तक ठंडा रह सकता है। डॉक्टरों का कहना है कि कोल्ड ड्रिंक्स की जगह अगर मिट्टी के बर्तनों का पानी पिया जाए तो यह डिहाइड्रेशन और पेट संबंधी समस्याओं से बचाव में मदद करता है। मिट्टी के कुल्हड़ में चाय, छाछ या जूस पीने से न केवल स्वाद बढ़ता है बल्कि मिट्टी की प्राकृतिक खुशबू भी अनुभव को खास बना देती है।
पर्यावरण के लिए भी फायदेमंद विकल्प (Matka Water Benefits)
मिट्टी के बर्तन (Clay Pot Water Benefits) पर्यावरण के लिए भी सुरक्षित माने जाते हैं क्योंकि ये पूरी तरह बायोडिग्रेडेबल होते हैं। इनसे प्लास्टिक कचरे में कमी आती है, जिससे पर्यावरण प्रदूषण घटाने में मदद मिलती है। खासतौर पर मिट्टी की बोतलें ऑफिस और यात्रा के लिए काफी उपयोगी हैं, क्योंकि ये पानी को लंबे समय तक ठंडा और ताजा रखती हैं।
कुल्हड़ एक बार इस्तेमाल के बाद नष्ट हो जाते हैं, जिससे स्वच्छता भी बनी रहती है। वहीं, मिट्टी का घड़ा घरों में पूरे परिवार को ठंडा और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने का पारंपरिक लेकिन प्रभावी साधन बना हुआ है।


