Cooler Cooling Tips: कूलर चलाते ही कमरा हो जाता है चिपचिपा? अपनाएं ये ट्रिक, AC जैसी मिलेगी ठंडी हवा

Cooler Cooling Tips 2026: कूलर चलाने के बाद कमरे में बढ़ने वाली उमस और चिपचिपाहट से राहत पाने के लिए जानें क्रॉस वेंटिलेशन और बेहतर कूलिंग के आसान उपाय।

Jyotsana Singh
Published on: 6 Jun 2026 12:48 PM IST
Cooler cooling tips to reduce room humidity and improve cooling
X

Cooler Cooling Tips 2026

Cooler Cooling Tips: जून महीने की शुरुआत के साथ ही गर्मी अपने चरम पर है और देश के कई हिस्सों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। ऐसे मौसम में एयर कंडीशनर और एयर कूलर का बाजार जम कर मुनाफा कमा रहा है। क्योंकि इस मौसम की मार से निपटने के लिए AC और कूलर लोगों की सबसे बड़ी जरूरत बन जाते हैं। अधिक बिलजी की खपत और महंगा होने के कारण हर घर में AC लगाना संभव नहीं होता, इसलिए बड़ी संख्या में लोग कूलर का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन अक्सर लोगों की शिकायत रहती है कि कूलर चलाने के कुछ समय बाद कमरा ठंडा होने के बजाय उमस से भर जाता है। नतीजा यह होता है कि पसीना, चिपचिपाहट और बेचैनी बढ़ने लगती है।

अगर आपके घर में भी यही समस्या है तो इसकी वजह कूलर नहीं, बल्कि उसे इस्तेमाल करने का गलत तरीका हो सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार, कूलर से बेहतर कूलिंग पाने के लिए कमरे में सही वेंटिलेशन होना बेहद जरूरी है। सिर्फ खिड़की के पास अपनाई गई एक आसान ट्रिक आपके कूलर की परफॉर्मेंस को काफी हद तक बेहतर बना सकती है।

आखिर कूलर चलाने पर कमरे में उमस क्यों बढ़ जाती है?

एयर कूलर पानी के वाष्पीकरण के जरिए हवा को ठंडा करता है। जब कूलर चलता है तो वह कमरे में नमी वाली ठंडी हवा छोड़ता है। यदि कमरे की खिड़कियां और दरवाजे पूरी तरह बंद हों तो यह नमी बाहर नहीं निकल पाती और धीरे-धीरे कमरे में ह्यूमिडिटी बढ़ने लगती है।

यही वजह है कि कुछ समय बाद ठंडक कम महसूस होती है और चिपचिपाहट बढ़ जाती है। कई लोग कूलर को भी AC की तरह बंद कमरे में चलाते हैं, जबकि कूलर का काम करने का तरीका AC से बिल्कुल अलग होता है।

खिड़की के पास अपनाएं यह आसान ट्रिक

यदि आप चाहते हैं कि कूलर की हवा ज्यादा ठंडी महसूस हो, तो कूलर चलाते समय खिड़की को थोड़ा खुला रखें। साथ ही कमरे में कहीं न कहीं हवा निकलने का रास्ता भी होना चाहिए।

इससे कमरे की गर्म और नम हवा लगातार बाहर निकलती रहेगी और बाहर की अपेक्षाकृत ताजी हवा अंदर आती रहेगी। हवा का यह प्राकृतिक प्रवाह कमरे में नमी जमा नहीं होने देता और कूलर की कूलिंग क्षमता बेहतर बनी रहती है।

इसे क्रॉस वेंटिलेशन कहते हैं और यही कूलर से बेहतर कूलिंग पाने का सबसे प्रभावी तरीका माना जाता है।

कूलर रखने की सही जगह क्या है?

कई लोग कमरे के बीच में या किसी कोने में कूलर रख देते हैं, जिससे उसकी कार्यक्षमता प्रभावित होती है। बेहतर परिणाम के लिए कूलर को हमेशा खिड़की या खुली जगह के पास रखना चाहिए। जब कूलर को बाहर की ताजी हवा मिलती है तो उसका कूलिंग सिस्टम अधिक प्रभावी ढंग से काम करता है। खिड़की के पास रखा कूलर बाहर की हवा को ठंडा करके कमरे में भेजता है, जिससे ठंडक ज्यादा महसूस होती है।

क्रॉस वेंटिलेशन से कैसे बढ़ती है ठंडक?

क्रॉस वेंटिलेशन का मतलब है कि कमरे में हवा आने और बाहर जाने दोनों का रास्ता मौजूद हो। उदाहरण के लिए, यदि एक खिड़की थोड़ी खुली है तो दूसरी तरफ दरवाजे या दूसरी खिड़की से हवा बाहर निकल सके। इस व्यवस्था से कमरे में ताजी हवा का लगातार प्रवाह बना रहता है। इससे नमी कम होती है, हवा ताजा बनी रहती है और कूलर की ठंडी हवा ज्यादा प्रभावी महसूस होती है। यही कारण है कि खुले और हवादार कमरों में कूलर बेहतर काम करता है।

कूलर की कूलिंग बढ़ाने के लिए इन बातों का भी रखें ध्यान

नियमित रूप से बदलें पानी

कूलर के टैंक का पानी लंबे समय तक नहीं बदलना चाहिए। हर एक-दो दिन में पानी बदलने से दुर्गंध, बैक्टीरिया और गंदगी जमा नहीं होती, जिससे कूलर बेहतर तरीके से काम करता है।

कूलिंग पैड की सफाई जरूरी

कूलर के पैड में धूल और गंदगी जमा हो जाए तो हवा का प्रवाह प्रभावित होता है। समय-समय पर पैड की सफाई करने या जरूरत पड़ने पर उन्हें बदलने से कूलिंग बेहतर होती है।

पानी का स्तर सही रखें

टैंक में पर्याप्त पानी होना चाहिए। कम पानी होने पर कूलर पर्याप्त ठंडी हवा नहीं दे पाता।

जरूरत पड़ने पर बर्फ का इस्तेमाल करें

भीषण गर्मी के दिनों में कूलर के पानी में बर्फ या आइस पैक डालने से शुरुआती घंटों में ज्यादा ठंडी हवा मिल सकती है। हालांकि यह अस्थायी उपाय है।

पूरा कमरा बंद न करें

कूलर चलाते समय सभी खिड़कियां और दरवाजे बंद कर देना सबसे आम गलती है। ऐसा करने से कमरे में नमी बढ़ती है और ठंडक घटने लगती है।

AC और कूलर में यही है सबसे बड़ा अंतर

एयर कंडीशनर कमरे की हवा को ठंडा करके उसी हवा को बार-बार सर्कुलेट करता है, इसलिए AC बंद कमरे में बेहतर काम करता है। वहीं कूलर को लगातार ताजी हवा की जरूरत होती है। यही कारण है कि कूलर के लिए खुला वेंटिलेशन बेहद जरूरी माना जाता है।

अगर आपका कूलर चलाने के बावजूद कमरा उमस से भर जाता है तो महंगे उपकरण खरीदने की जरूरत नहीं है। सिर्फ खिड़की को थोड़ा खुला रखना और कमरे में क्रॉस वेंटिलेशन बनाए रखना ही काफी है। यह आसान उपाय न केवल उमस कम करेगा बल्कि कूलर की ठंडी हवा को भी अधिक असरदार बनाएगा। सही ये वेंटिलेशन, साफ पानी और नियमित रखरखाव के साथ आपका साधारण कूलर भी गर्मी में काफी राहत दे सकता है।

Jyotsana Singh
ABOUT THE AUTHOR

Jyotsana Singh

Jyotsana Singh is an Tech/Auto and Tourism Desk Content Writer at Newstrack.com.

Next Story