Urine Colour Chart: यूरिन का रंग बताएगा कितना हाइड्रेटेड है आपका शरीर, जानें क्या कहते हैं संकेत

Urine Colour Chart: भीषण गर्मी के बीच स्वास्थ्य मंत्रालय ने डिहाइड्रेशन से बचाव के लिए यूरिन कलर चार्ट जारी किया है, जिससे शरीर में पानी की कमी पहचानी जा सकती है।

Akriti Pandey
Published on: 5 Jun 2026 6:10 AM IST
Symptoms of Dehydration
X

Symptoms of Dehydration

Urine Colour Chart: देश के कई राज्यों में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। तापमान लगातार बढ़ने के कारण लोगों को लू और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे मौसम में शरीर में पानी की पर्याप्त मात्रा बनाए रखना बेहद जरूरी हो जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने लोगों को हाइड्रेटेड रहने की सलाह दी है और एक विशेष यूरिन कलर चार्ट भी जारी किया है, जिसकी मदद से कोई भी व्यक्ति अपने शरीर में पानी की कमी का अंदाजा लगा सकता है।

यूरिन का रंग बता सकता है शरीर की स्थिति (Urine Colour Chart)

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, शरीर में पानी की मात्रा का आकलन करने का एक आसान तरीका यूरिन के रंग (Urine Colour) को देखना है। यदि यूरिन का रंग हल्का पीला या लगभग साफ दिखाई देता है और उसमें कोई तेज गंध नहीं होती, तो यह संकेत है कि शरीर में पानी की मात्रा पर्याप्त है और आप अच्छी तरह हाइड्रेटेड हैं। वहीं अगर यूरिन का रंग थोड़ा गहरा पीला दिखाई देता है, तो यह हल्के डिहाइड्रेशन का संकेत हो सकता है। ऐसे में तुरंत एक गिलास पानी पीने की सलाह दी गई है।

गहरा रंग हो सकता है खतरे का संकेत (Dehydration Symptoms)

स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, यदि यूरिन का रंग मध्यम या गहरा पीला हो जाए, तो यह शरीर में पानी की कमी बढ़ने का संकेत है। ऐसी स्थिति में व्यक्ति को तुरंत दो से तीन गिलास पानी पीना चाहिए। यदि यूरिन बहुत ज्यादा गहरा पीला या भूरा दिखाई दे और उसमें तेज बदबू भी हो, तो यह गंभीर डिहाइड्रेशन की ओर इशारा कर सकता है। ऐसी स्थिति में पर्याप्त मात्रा में पानी पीने के साथ जरूरत पड़ने पर डॉक्टर से संपर्क करना भी जरूरी हो सकता है।


कुछ चीजें बदल सकती हैं यूरिन का रंग (Hydration Tips)

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि हर बार यूरिन का रंग केवल डिहाइड्रेशन (Dehydration Symptoms) की वजह से नहीं बदलता। कुछ खाद्य पदार्थ, जैसे चुकंदर, कुछ विटामिन सप्लीमेंट और कई प्रकार की दवाएं भी यूरिन के रंग को प्रभावित कर सकती हैं। इसी वजह से यूरिन कलर चार्ट को केवल एक सामान्य मार्गदर्शक के रूप में इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। यदि लंबे समय तक यूरिन का रंग असामान्य बना रहे या किसी अन्य स्वास्थ्य समस्या के लक्षण दिखाई दें, तो चिकित्सकीय सलाह जरूर लेनी चाहिए।

गर्मी में इन बातों का रखें विशेष ध्यान (Summer Health Tips)

स्वास्थ्य मंत्रालय ने लोगों से अपील की है कि वे गर्मी के मौसम में नियमित रूप से पानी पीते रहें। प्यास लगने का इंतजार करने के बजाय समय-समय पर पानी पीना बेहतर माना जाता है। इसके अलावा नारियल पानी, छाछ, नींबू पानी और ताजे फलों के रस का सेवन भी शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करता है।मंत्रालय ने सलाह दी है कि धूप में बाहर निकलते समय सिर और चेहरे को ढकें, धूप का चश्मा पहनें और हल्के रंग के ढीले कपड़े पहनें। खास तौर पर बच्चों और बुजुर्गों का ध्यान रखना जरूरी है, क्योंकि वे डिहाइड्रेशन का शिकार जल्दी हो सकते हैं।

Akriti Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Akriti Pandey

Akriti Pandey is a Education & job Desk Content Writer at Newstrack.com.

Next Story