मुंबई में कला का महाकुंभ! काला घोड़ा आर्ट्स फेस्टिवल 2026 शुरू, 26 सालों का रंगीन जश्न

Kala Ghoda Arts Festival 2026 मुंबई में 31 जनवरी से 8 फरवरी तक। जानिए इतिहास, थीम ‘Ahead of the Curve’, कार्यक्रम, हेरिटेज वॉक्स और खास आकर्षण।

Jyotsana Singh
Published on: 13 Jan 2026 11:07 AM IST
मुंबई में कला का महाकुंभ! काला घोड़ा आर्ट्स फेस्टिवल 2026 शुरू, 26 सालों का रंगीन जश्न
X

Kala Ghoda Arts Festival 2026

Kala Ghoda Arts Festival 2026: हर साल एक ऐसा समय आता है, जब मुंबई अपनी तेज़ रफ़्तार को कुछ पल के लिए थाम लेती है और इस दौरान जहां रचनात्मकता अपने पूरे चरम पर सांस लेने लगती है। यह वही समय है जब काला घोड़ा की ऐतिहासिक गालियां कलात्मक रंगों से भर उठती हैं, जब इन पुरानी इमारतों में बहने वाली हवा में संगीत, कला और कल्पना एक साथ घुल जाते हैं, तब काला घोड़ा आर्ट्स फेस्टिवल सिर्फ दिखाई नहीं देता, बल्कि महसूस किया जा सकता है।

यह एक उत्सव नहीं, बल्कि एक ऐसी अनुभूति है, जहां कला किसी फ्रेम या मंच तक सीमित नहीं रहती, बल्कि शहर के हर कोने में अपनी आभा फैलाती है। काला घोड़ा का इलाका इन दिनों मानो एक जीवंत कैनवास में बदल जाता है। जहां परंपरा और आधुनिकता का अनोखा संगम देखने को मिलता है। जहां कलाकार और दर्शक के बीच की रेखाएं धुंधली पड़ जाती हैं और जहां रचनात्मकता हर दिल तक पहुंचने के लिए बेताब हो जाती है।

26 वर्षों की यह कला यात्रा काला घोड़ा आर्ट्स फेस्टिवल को मुंबई की सांस्कृतिक आत्मा का प्रतिबिंब बना चुकी है। यह उत्सव शहर को उसकी रोज़मर्रा की भागदौड़ से बाहर निकालकर एक ऐसे संसार में ले जाता है, जहां लोग कुछ समय के लिए अपनी व्यस्ततम बोझिल जिंदगी की उलझनों को भूल कर बस एक रचनात्मक दुनिया में खो जाना चाहते हैं। इसी आभा, इसी ऊर्जा और इसी रचनात्मक अनुभव के साथ काला घोड़ा आर्ट्स फेस्टिवल 2026 एक बार फिर मुंबई के दिल में उतर आया है। मुंबई का सबसे प्रतिष्ठित और ऐतिहासिक कला उत्सव, काला घोड़ा आर्ट्स फेस्टिवल, अपने 26वें संस्करण के साथ 31 जनवरी से 8 फ़रवरी 2026 तक अनोखे रंगों के साथ नई यादें समेटने आया है। प्रातः 10 बजे से रात 10 बजे तक यह उत्सव मुंबई के काला घोड़ा क्षेत्र की गलियों, चौक-चौराहों और ऐतिहासिक इमारतों में रचनात्मक अभिव्यक्ति का अनूठा संगम पेश करेगा। इस साल की थीम 'Ahead of the Curve' है। जिसका मतलब है समय से एक कदम आगे की सोच, नवाचार और सांस्कृतिक नेतृत्व। काला घोड़ा आर्ट्स फेस्टिवल अपने इस बार अपने सिल्वर जुबली संस्करण से आगे बढ़कर दर्शकों को नए अनुभव और कला के नए आयाम के साथ जोड़ने

का प्रयास कर रहा है।

कैसे पड़ा ‘काला घोड़ा’ नाम, क्या है इसका इतिहास और सांस्कृतिक महत्व


मुंबई के जिस इलाके को आज पूरी दुनिया काला घोड़ा के नाम से जानती है, उसके नाम के पीछे एक दिलचस्प और ऐतिहासिक कहानी छिपी है। यह नाम किसी कल्पना या लोककथा से नहीं, बल्कि एक वास्तविक प्रतिमा से जुड़ा हुआ है, जो कभी इस क्षेत्र की पहचान हुआ करती थी।

ब्रिटिश शासन काल में, वर्ष 1870 के आसपास, दक्षिण मुंबई के इस चौराहे पर प्रिंस ऑफ वेल्स की एक भव्य घुड़सवार प्रतिमा स्थापित की गई थी। यह प्रतिमा काले रंग के घोड़े पर सवार प्रिंस को दर्शाती थी। समय के साथ, यह मूर्ति स्थानीय लोगों के बीच इतनी प्रसिद्ध हो गई कि पूरा इलाका ही 'काला घोड़ा' कहलाने लगा। लोग दिशाओं और स्थानों की पहचान इसी मूर्ति के संदर्भ में करने लगे जैसे कि, 'काला घोड़ा के पास मिलते हैं' या 'काला घोड़ा से आगे चलो।'

आजादी के बाद बदलते दौर में यह प्रतिमा हटा दी गई, लेकिन नाम लोगों की स्मृतियों और शहर की भाषा में स्थायी रूप से बस चुका था। मूर्ति के हटने के बावजूद, काला घोड़ा सिर्फ एक स्थान नहीं रहा, बल्कि एक सांस्कृतिक पहचान बन गया। बाद के वर्षों में जब इस क्षेत्र में कला दीर्घाएं, कैफे, पुस्तकालय और सांस्कृतिक संस्थान विकसित हुए, तो काला घोड़ा ने अपने नाम के अनुरूप एक अलग ही व्यक्तित्व ग्रहण कर लिया।

आज काला घोड़ा उस घोड़े की मूर्ति से कहीं आगे निकल चुका है। यह नाम अब कला, इतिहास और आधुनिकता के संगम का प्रतीक है। जिस स्थान की पहचान कभी एक प्रतिमा से थी, वही आज भारत के सबसे प्रतिष्ठित कला उत्सव काला घोड़ा आर्ट्स फेस्टिवल का घर बन चुकी है। काला घोड़ा, मुंबई का वह क्षेत्र है, जहां पुराने काल की वास्तुकला और आधुनिक जीवनशैली का अद्भुत संगम होता है। यहां की गलियों, पुराने बाजार, चर्च और कला दीर्घाएं इसे शहर का एक जीवंत सांस्कृतिक हब बनाती हैं। 1999 में एक स्थानीय पहल के रूप में शुरू हुआ यह फेस्टिवल आज भारत के सबसे प्रतिष्ठित बहु-विषयक कला उत्सवों में से एक बन चुका है। शुरुआत में, यह महोत्सव सिर्फ स्थानीय कलाकारों और शहरी कला प्रेमियों को मंच प्रदान करने तक सीमित था। लेकिन समय के साथ, काला घोड़ा फेस्टिवल ने न केवल स्थानीय कलाकारों को अंतरराष्ट्रीय मंच दिया, बल्कि मुंबई को एक प्रमुख पर्यटन और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में स्थापित किया। इस क्षेत्र की ऐतिहासिक इमारतें और गलियां फेस्टिवल को एक विशिष्ट पहचान देती हैं, जहां परंपरा और समकालीन कला का अनूठा संगम देखने को मिलता है।

26वां संस्करण 'Ahead of the Curve'


इस साल का फेस्टिवल अपनी थीम 'Ahead of the Curve' के साथ दर्शकों को समय से एक कदम आगे की सोच का अनुभव कराएगा। इसका मतलब है कि कला केवल वर्तमान का प्रतिबिंब नहीं बल्कि भविष्य की दिशा भी तय कर सकती है। काला घोड़ा एसोसिएशन की चेयरपर्सन और फ़ेस्टिवल डायरेक्टर ब्रिंदा मिलर कहती हैं, '26वें संस्करण की यह ऐतिहासिक यात्रा हमारे लिए विशेष महत्व रखती है। हमारा उद्देश्य अपने सिल्वर जुबली संस्करण से भी आगे जाकर कला प्रेमियों को नया अनुभव देना है। हम चाहते हैं कि यह उत्सव हर उम्र, हर वर्ग और हर समुदाय के लिए खुला और सुलभ रहे।'

कला और कार्यक्रमों का संगम


काला घोड़ा आर्ट्स फेस्टिवल में इस साल 300 से अधिक कार्यक्रम होंगे। इन कार्यक्रमों को 15 कला-वर्टिकल्स में विभाजित किया गया है और यह 25 से अधिक इनडोर और आउटडोर स्थलों पर आयोजित होंगे। नृत्य, संगीत, थिएटर, सिनेमा, साहित्य, विज़ुअल आर्ट्स, हेरिटेज वॉक्स, अर्बन डिज़ाइन, वर्कशॉप्स और स्ट्रीट आर्ट का रंगीन संगम इस फेस्टिवल की खास पहचान है। मुंबई की गलियों में इस बार स्ट्रीट आर्ट का विशेष आकर्षण रहेगा, जिसमें स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय कलाकार अपनी कल्पनाशील रचनाओं को दीवारों पर उतारेंगे। बच्चों और परिवार के लिए अलग-अलग इंटरैक्टिव वर्कशॉप्स और क्रिएटिव सेशन होंगे। जिससे सभी उम्र के लोग कला का हिस्सा बन सकें। संगीत और नृत्य प्रेमियों के लिए शास्त्रीय, लोक और समकालीन प्रस्तुतियां आयोजित होंगी। इस बार सभी कार्यक्रम नि:शुल्क हैं, ताकि कला का आनंद हर कोई ले सके।

तैयारी और आयोजन

काला घोड़ा आर्ट्स फेस्टिवल की तैयारी सालों के अनुभव और विशेषज्ञता का नतीजा है। इस साल BMC, EXIM बैंक, मिल्टन, MTDC और महाराष्ट्र पर्यटन विभाग जैसे सहयोगियों ने आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

तैयारी में मुख्य ध्यान रखा गया है कि दर्शक और कलाकार सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधा के साथ उत्सव का आनंद लें। गलियों और इमारतों को आधुनिक लाइटिंग और सजावट से सजाया गया है। स्थानीय कारीगरों और स्टार्टअप्स को विशेष मंच दिया गया है, ताकि उन्हें अपने हुनर और कला का प्रदर्शन करने का अवसर मिले।

ब्रिंदा मिलर बताती हैं कि फेस्टिवल सस्टेनेबिलिटी, समावेशन, एक्सेसिबिलिटी और पैदल-मैत्री शहरी संस्कृति के मूल्यों पर आधारित है। यह केवल कला का उत्सव नहीं है, बल्कि कला के माध्यम से शहर और समाज के बीच संवाद भी स्थापित करता है।

ऐतिहासिक प्रसंग और पिछली झलकियां

काला घोड़ा आर्ट्स फेस्टिवल की यादगार झलकियां हमेशा चर्चा का विषय रही हैं। 2019 में आयोजित 20वें संस्करण में शहर की पुरानी इमारतों को रोशनी और म्यूरल्स से सजाया गया था, जिसे देखने के लिए दूर-दूर से लोग आए थे। 2021 में कोरोना महामारी के बाद जब फेस्टिवल वापस लौटा, तो इसे डिजिटल माध्यमों और लाइव स्ट्रीमिंग के जरिए भी दर्शकों तक पहुंचाया गया।

कला के क्षेत्र में उभरते युवा कलाकारों ने पिछले वर्षों में यहां अपने करियर की नई शुरुआत की। संगीत और नृत्य के कलाकारों ने यहां प्रस्तुति के माध्यम से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान पाई। लेखक, कवि और थिएटर कलाकार भी काला घोड़ा के मंच से अपने विचार और संदेश साझा करते रहे हैं। ऐतिहासिक रूप से, यह फेस्टिवल काला घोड़ा क्षेत्र के सांस्कृतिक उत्थान और शहरी पर्यटन में अहम योगदान देता रहा है। यह उत्सव न केवल मुंबई की कला और संस्कृति को दुनिया के सामने प्रस्तुत करता है, बल्कि स्थानीय समुदाय को भी सक्रिय रूप से जोड़ता है।

इस उत्सव का विशेष आकर्षण


इस साल फेस्टिवल में हेरिटेज वॉक्स होंगे। जिनमें मुंबई की पुरानी गलियों और इमारतों के इतिहास को दर्शकों के सामने जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। स्ट्रीट आर्ट में कलाकारों ने शहर की गलियों को खुला कैनवास बनाया है। डिजिटल और इंटरैक्टिव आर्ट इस बार दर्शकों को तकनीक और रचनात्मकता का अनूठा अनुभव देगा।

बच्चों और परिवार के लिए क्रिएटिव वर्कशॉप्स और खेल आयोजित किए गए हैं, ताकि कला का अनुभव हर उम्र के लोग ले सकें। संगीत, नृत्य और थिएटर की प्रस्तुतियां भी इस साल दर्शकों के लिए खास होंगी, जो परंपरा और आधुनिकता का संगम पेश करेंगी।

26 सालों का यह जश्न सिर्फ कला का उत्सव नहीं है, बल्कि मुंबई की संस्कृति, इतिहास और आधुनिकता का पर्व है। काला घोड़ा आर्ट्स फेस्टिवल ने यह साबित किया है कि कला सबके लिए, सबके द्वारा और सबके साथ सुलभ हो सकती है। 31 जनवरी से 8 फ़रवरी 2026 तक चलने वाला यह महोत्सव न केवल मुंबई के निवासियों बल्कि देश और विदेश के कला प्रेमियों के लिए भी अविस्मरणीय अनुभव होगा।

इस साल का फेस्टिवल अपने सिल्वर जुबली संस्करण से आगे बढ़ते हुए समय से एक कदम आगे की सोच, नवाचार और सांस्कृतिक नेतृत्व का प्रतीक बनकर कला प्रेमियों के दिलों में अपनी जगह बनाएगा।

Jyotsana Singh
ABOUT THE AUTHOR

Jyotsana Singh

Jyotsana Singh is an Tech/Auto and Tourism Desk Content Writer at Newstrack.com.

Next Story