Mumbai Rains: मुंबई में आफत की बारिश, कई इलाकों में जलभराव, मोनोरेल भी रूकी, IMD ने जारी किया अलर्ट

Mumbai Rains: मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को भी महाराष्ट्र में बारिश से राहत की उम्मीद नहीं है।

Shishumanjali kharwar
Published on: 15 Sept 2025 10:29 AM IST
Mumbai Rains
X

Mumbai Rains

Mumbai Rains: महाराष्ट्र में आफत की बारिश हो रही है। राज्य के कई इलाकों में रविवार से ही तेज बारिश का दौर जारी है। बरसात के चलते शहर के कई भागों में जलभराव हो गया है। सड़कें नहर की तरह नजर आ रही हैं। मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को भी महाराष्ट्र में बारिश से राहत की उम्मीद नहीं है। मुंबई, रायगढ़ और ठाणे में तेज बारिश होने के आसार है।

मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों तक तेज बारिश होने का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं बारिश के चलते मुंबई के वडाला इलाके में तकनीकी खराबी के चलते मोनोरेल रूक गयी। घटना के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गयी। एमएमआरडीए के जनसंपर्क अधिकारी के मुताबिक वडाला में तकनीकी खराबी आने के बाद मोनोरेल रूक गयी। जिसके बाद 17 यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। मौके पर दमकल विभाग की टीम पहुंच गयी है और राहत कार्य शुरू कर दिया गया है।

अग्निशमन अधिकारी के मुताबिक सोमवार सुबह मुकुंदराव अंबेडकर रोड जंक्शन पर गाडगे महाराज स्टेशन से चेंबूर जा रही मोनोरेल में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। मोनोरेल की तकनीकी टीम ने तुरंत मुंबई अग्निशमन विभाग को जानकारी दी। जिसके बाद विशेष गाड़ी तुरंत मौके पर पहुंची। मोनोरेल में सवार 17 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। कपलिंग के जरिए मोनोरेल को वडाला ले जाया जा रहा है। सभी यात्री सुरक्षित हैं।


बारिश के चलते हर तरफ जलभराव

रविवार रात से जारी बारिश की झड़ी सोमवार सुबह भी जारी है। सोमवार को जब लोगों की नींद खुली तो घरों के बाहर और सड़कों पर भी समुद्र जैसा ही नजारा देखने को मिला। जलभराव के चलते लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रात से जारी भारी बारिश के चलते मध्य रेलवे मार्ग पर कुर्ला स्टेशन और पश्चिमी रेलवे नेटवर्क पर बांद्रा स्टेशन की पटरियों पर भी जल भर गया है।

ट्रेनों की रफ्तार भी धीमी हो गयी है। नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक, बिजली और गरज के साथ हो रही भारी बारिश के कारण किंग्स सर्कल जैसे निचले इलाकों और अन्य इलाकों में जलभराव हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक रविवार सुबह से लेकर सोमवार सुबह के बीच कोलाबा में सबसे ज्यादा बारिश हुई। यहां 88.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गयी। उसके बाद बांद्रा में 82 मिमी और बायकुला में 73 मिमी वर्षा दर्ज की गयी।

1 / 5
Your Score0/ 5
Shishumanjali kharwar
ABOUT THE AUTHOR

Shishumanjali kharwar

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story