Nagaland Election: नागालैंड में हेकानी जखालू ने रचा इतिहास, 60 साल के इतिहास में पहली महिला विधायक

Nagaland Election 2023: नागालैंड विधानसभा में आधी आबादी को कोई प्रतिनिधित्व मिलता है या नहीं। हेकानी जखालू ने इस बार जीत हासिल करके बड़ा संदेश देने की कोशिश की है।

Anshuman Tiwari
Published on: 2 March 2023 3:33 PM IST
Hekani Jakhalu
X

Hekani Jakhalu (Image: Social Media)

Hekani Jakhalu: नागालैंड के चुनावी इतिहास में पहली बार किसी महिला ने विधानसभा चुनाव जीतकर इतिहास रच दिया है। 1963 में नागालैंड की स्थापना के बाद आज तक कोई महिला विधानसभा में नहीं पहुंच सकी थी। इस बार के विधानसभा चुनावों में एनडीपीपी की हेकानी जखालू ने दीमापुर तृतीय सीट से विधानसभा चुनाव जीतकर बड़ी कामयाबी हासिल की है।

इस बार के विधानसभा चुनाव में चार महिला प्रत्याशियों ने किस्मत आजमाई थी और सभी को इस बात का बेसब्री से इंतजार था कि अबकी बार नागालैंड विधानसभा में आधी आबादी को कोई प्रतिनिधित्व मिलता है या नहीं। हेकानी जखालू ने इस बार जीत हासिल करके बड़ा संदेश देने की कोशिश की है।

एनडीपीपी के टिकट पर हासिल की जीत

नागालैंड में भाजपा की सहयोगी पार्टी एनडीपीपी ने जखालू को दीमापुर तृतीय सीट से चुनाव मैदान में उतारा था। चुनाव मैदान में जखालू की स्थिति पहले ही मजबूत मानी जा रही थी और आज उन्होंने जीत हासिल करके इतिहास रच दिया है। नागालैंड को 1963 में अलग राज्य का दर्जा मिला था और जखालू पिछले 60 वर्षों के दौरान विधानसभा चुनाव जीतने वाली पहली महिला हैं। वैसे इससे पूर्व भी नागालैंड में महिला प्रत्याशियों ने विधानसभा चुनाव में किस्मत आजमाई थी मगर आज तक किसी भी महिला को जीत नहीं हासिल हुई थी। ऐसे में जखालू की जीत को ऐतिहासिक माना जा रहा है।

जानिए कौन हैं हेकानी जखालू

नागालैंड में महिला उम्मीदवार के रूप में पहली जीत हासिल करने वाली जखालू पेशे से वकील हैं। वे एक्टिविस्ट रहे हैं और वंचित समुदायों के उत्थान और विकास की लड़ाई लड़ती रही हैं। इसके लिए उन्हें नारी शक्ति पुरस्कार से सम्मानित भी किया जा चुका है। नागालैंड में उन्हें जुझारू तेवर वाली महिला माना जाता रहा है और इसी कारण एनडीपीपी ने दीमापुर तृतीय सीट से इस बार उन्हें चुनाव मैदान में उतारा था। जखालू की जीत के साथ ही आधी आबादी को पहली बार विधानसभा में प्रतिनिधित्व मिला है।

सभी को था नतीजे का बेसब्री से इंतजार

नागालैंड में विधानसभा चुनाव के लिए 27 फरवरी को मतदान हुआ था। आज वोटों की गिनती के दौरान हर किसी की इस बात में गहरी दिलचस्पी थी कि इस बार कोई महिला चुनाव जीतने में कामयाब हो पाती है या नहीं। इसे बड़ी खुशखबरी माना जा रहा है कि जखालू ने जीत हासिल करके बड़ा संदेश देने की कोशिश की है। जीत हासिल करने के बाद जखालू को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। जखालू का कहना है कि वे मतदाताओं की ओर से जताए गए भरोसे पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगी।

करोड़पति हैं हेकानी जखालू, घर में हैं आधा दर्जन कारें

निर्वाचन आयोग को दिए हलफनामे के अनुसार हेकानी जखालू के पास कुल चल-अचल संपत्ति मिलाकर करीब साढ़े तीन करोड़ की है। उनके पास ज्वेलरी तो 30 हजार की ही है, लेकिन वो घड़ी दो लाख रूपए कीमत की पहनती हैं। इसी तरह उनके पति के पास दो लाख की सोने की चेन है और वो हाथों में 60 हजार की सोने की अंगूठियां पहनते हैं। चुनावी हलफनामे के अनुसार हेकानी के पास एक इनोवा कार है, जबकि उनके पति के पास पांच और कारें हैं। इसकी कुल कीमत सवा करोड़ के आसपास बताई गई है।

विदेश से लॉ की पोस्टग्रेजुएट हैं हेकानी, खुद के नाम घर नहीं

एनडीपीपी नेता हेकानी ने सेन फ्रांसिस्को विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ लॉ से 2013 में कानून में परास्नातक किया था। 48 साल हेकानी के पास खुद के नाम पर कोई घर नहीं है। उनके पति के नाम पर एक व्यवसायिक और बिल्डिंग है। हलफनामे में उन्होंने अपने पास 22 लाख और 15 लाख रुपये की कीमत की दो कृषि योग्य भूमि होने की बात बताई है।

Anshuman Tiwari
ABOUT THE AUTHOR

Anshuman Tiwari

न्यूजट्रैक ग्रुप की कोर टीम के सदस्य हूँ। मीडिया में 35 वर्षों से अधिक का करियर है। प्रमुख हिंदी अखबारों में वरिष्ठ पदों पर काम किया है। देश के प्रतिष्ठित संस्थान Indian Institute of Mass Communication से शिक्षा लेने के बाद दिल्ली, लखनऊ, वाराणसी में हिंदुस्तान, अमर उजाला, राष्ट्रीय सहारा और दैनिक जागरण जैसे विभिन्न प्रमुख समाचार पत्रों में काम किया।

Next Story