TRENDING TAGS :
भारत ने रचा इतिहास, मैच में गरजा ईशान-सूर्या का बल्ला, सीरीज में बनाई 2-0 की बढ़त
IND vs NZ T20 Match: भारतीय बल्लेबाजों ने तूफानी प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को चारों खाने चित कर दिया। इस 5 मैचों की रोमांचक टी20 सीरीज के दूसरे मैच में भारत ने कीवियों को एकतरफा अंदाज में हराकर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त की ओर कदम बढ़ा दिए हैं।
IND vs NZ T20 Match: शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों ने तूफानी प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को चारों खाने चित कर दिया। इस 5 मैचों की रोमांचक टी20 सीरीज के दूसरे मैच में भारत ने कीवियों को एकतरफा अंदाज में हराकर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त की ओर कदम बढ़ा दिए हैं। ईशान किशन की आक्रामक शुरुआत और कप्तान सूर्यकुमार यादव की कप्तानी पारी के दम पर भारत ने 209 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य को खिलौना साबित कर दिया।
न्यूजीलैंड ने बनाया विशाल स्कोर
शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 208 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया था। कीवी टीम की शुरुआत शानदार रही, जहां डेवन कॉन्वे और टिम साइफर्ट ने पावरप्ले का भरपूर फायदा उठाया। मध्यक्रम में रचिन रवींद्र ने फॉर्म जारी रखते हुए मात्र 26 गेंदों पर 44 रन कूट दिए। उस पारी के अंत में कप्तान मिचेल सैंटनर ने मोर्चा संभाला और 27 गेंदों पर नाबाद 47 रनों की कप्तानी पारी खेलकर टीम को 200 के पार पहुंचाया। भारतीय गेंदबाजी आक्रमण में कुलदीप यादव सबसे सफल रहे, जिन्होंने 2 विकेट झटके।
ईशान किशन का 'विराट' धमाका
हार्दिक पंड्या, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती और शिवम दुबे को 1-1 सफलता मिली। हालांकि, अर्शदीप सिंह के लिए दिन भूलने वाला रहा, उन्होंने 4 ओवर में बिना किसी सफलता के 53 रन लुटाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत सधी हुई नहीं रही और शुरुआती झटके लगे, लेकिन ईशान किशन अलग ही मूड में थे। ईशान ने कीवी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए मात्र 32 गेंदों पर 76 रन बना डाले। इस दौरान उन्होंने 11 चौके और 4 गगनचुंबी छक्के जड़े। ईशान ने केवल 21 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया, जो टी20 क्रिकेट में न्यूजीलैंड के खिलाफ किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा लगाया गया सबसे तेज अर्धशतक है।
सूर्या का 'स्काई' शो वर्ल्ड रिकॉर्ड
ईशान के आउट होने के बाद 'मिस्टर 360' सूर्यकुमार यादव ने कमान संभाली। सूर्या ने चिर-परिचित शैली में मैदान के हर कोने में शॉट लगाए। उन्होंने मात्र 37 गेंदों पर नाबाद 82 रनों की पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 4 छक्के शामिल थे। सूर्या का साथ शिवम दुबे ने बखूबी निभाया, जिन्होंने 18 गेंदों पर नाबाद 36 रन बनाकर मैच को फिनिश किया। भारत ने यह लक्ष्य 15.2 ओवर में ही हासिल कर लिया। इसी के साथ टीम इंडिया अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट के इतिहास में पहली ऐसी टीम बन गई है, जिसने 200 से अधिक रनों का लक्ष्य 16 ओवर से भी कम समय में चेज किया हो। इस ऐतिहासिक जीत ने भारतीय प्रशंसकों को झूमने पर मजबूर कर दिया है।


