TRENDING TAGS :
RCB Clinch IPL Title 2026: लगातार दूसरी बार आरसीबी ने जीता खिताब, कोहली ने खेली शानदार पारी
IPL 2026 Final GT vs RCB: RCB ने IPL 2026 के फाइनल में गुजरात को 5 विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार खिताब जीता। विराट कोहली की नाबाद 75 रन की पारी रही जीत की सबसे बड़ी वजह।
IPL Final GT VS RCB: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने रविवार को आईपीएल 2026 का खिताब अपने नाम कर इतिहास रच दिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में RCB ने गुजरात को 12 गेंद शेष रहते 5 विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
इसके साथ ही बेंगलुरु ने आईपीएल इतिहास में लगातार दो सीजन का खिताब जीतने वाली टीमों की सूची में अपना नाम दर्ज करा लिया। इससे पहले केवल मुंबई इंडियंस (2019 और 2020) तथा चेन्नई सुपर किंग्स (2010 और 2011) ही यह उपलब्धि हासिल कर सकी थीं। गौरतलब है कि RCB ने 2025 में अपना पहला आईपीएल खिताब जीता था और अब 2026 में लगातार दूसरी बार चैंपियन बन गई है।
फाइनल मुकाबले में पहले गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। RCB के तेज गेंदबाजों ने गुजरात के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। विशेष रूप से रसिख सलाम डार ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए तीन महत्वपूर्ण विकेट झटके और टीम की जीत की मजबूत नींव रखी।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बेंगलुरु को अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली ने शानदार शुरुआत दिलाई। कोहली ने 42 गेंदों में नाबाद 75 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली। उन्होंने पूरे मैच में संयम और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाया।
खास बात यह रही कि विराट कोहली ने विजयी छक्का लगाकर अपनी टीम को खिताबी जीत दिलाई। वह अंत तक नाबाद रहे और फाइनल में अपनी शानदार बल्लेबाजी से एक बार फिर साबित कर दिया कि बड़े मुकाबलों में वह टीम के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ी हैं।
RCB की इस ऐतिहासिक जीत के साथ बेंगलुरु के प्रशंसकों का जश्न दोगुना हो गया है। लगातार दो बार चैंपियन बनकर टीम ने आईपीएल इतिहास में अपना नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज करा लिया है।


