TRENDING TAGS :
IPL 2026 Final: शुभमन गिल बन सकते हैं RCB के खिलाफ फाइनल में सबसे बड़ा खतरा
IPL 2026 Final: आईपीएल 2026 फाइनल में शुभमन गिल आरसीबी के लिए बड़ा खतरा बन सकते हैं। गुजरात टाइटंस के कप्तान ने अहमदाबाद में शानदार रिकॉर्ड बनाया है और मौजूदा सीजन में भी बेहतरीन फॉर्म में हैं।
Shubman Gill
IPL 2026 Final: आईपीएल 2026 का खिताबी मुकाबला रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और गुजरात टाइटंस (जीटी) के बीच खेला जाना है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में शुभमन गिल फाइनल मैच में आरसीबी के लिए बड़ा खतरा साबित हो सकते हैं।
अहमदाबाद में गिल का शानदार रिकॉर्ड
दरअसल, गुजरात टाइटंस के कप्तान को अहमदाबाद का मैदान खूब रास आता है। जीटी के होम ग्राउंड पर गिल ने अब तक 31 पारियों में 162 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 1,374 रन बनाए हैं। वह इस मैदान पर 3 शतक और 7 अर्धशतक लगा चुके हैं। नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में गिल का सर्वाधिक स्कोर 129 रन रहा है। आरसीबी के लिए चिंता की बात यह भी है कि गुजरात टाइटंस के कप्तान की मौजूदा फॉर्म भी शानदार चल रही है।
राजस्थान के खिलाफ क्वालीफायर में शतक
दूसरे क्वालीफायर मुकाबले में शुभमन गिल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अकेले दम पर जीटी को जीत दिलाई थी। गिल ने 53 गेंदों में 104 रनों की लाजवाब पारी खेली थी। अपनी इस इनिंग में शुभमन ने 15 चौके और 3 छक्के लगाए थे।
IPL 2026 में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज
आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में गिल दूसरे नंबर पर हैं। वह इस सीजन खेले 15 मुकाबलों में 163 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 722 रन बना चुके हैं। ऐसे में अगर आरसीबी को अपने खिताब का बचाव करना है, तो गिल को फाइनल में जल्द से जल्द पवेलियन भेजना होगा।
हालांकि, पहले क्वालीफायर में गिल का बल्ला आरसीबी के खिलाफ पूरी तरह से खामोश रहा था और वह सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हुए थे। पहले क्वालीफायर में जीटी को आरसीबी के खिलाफ 92 रनों की बड़ी हार झेलनी पड़ी थी। अपने घरेलू मैदान पर जीटी पिछली हार का हिसाब चुकता करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। गुजरात टाइटंस ने अहमदाबाद में अब तक 22 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से टीम को 15 में जीत नसीब हुई है। नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में इस सीजन खेले 7 मुकाबलों में से जीटी ने 5 मैच जीते हैं, जबकि 2 में टीम को हार का सामना करना पड़ा है।


