Smart Cooling Paint: AC का खर्च खत्म करेगा नया स्मार्ट पेंट, वैज्ञानिकों का दावा, गर्मी होगी कंट्रोल

Smart Cooling Paint: बढ़ते बिजली बिल और भीषण गर्मी के बीच वैज्ञानिकों की नई खोज लोगों को AC से राहत दिला सकती है।

Jyotsana Singh
Published on: 5 Jun 2026 12:03 PM IST
Smart Cooling Paint 2026 reflects 97 percent sun reduces heat and cuts AC electricity costs
X

Smart Cooling Paint 2026

Smart Cooling Paint: गर्मी का मौसम शुरू होते ही Ac का खर्च कमर तोड़ने का काम करता है। लेकिन बढ़ते बिजली बिलों के बीच अब राहत की एक नई तकनीक चर्चा में है। ऑस्ट्रेलिया की सिडनी यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों और एक स्टार्टअप के सहयोग से तैयार किया गया यह स्मार्ट पेंट दावा करता है कि यह न सिर्फ 97% तक सूर्य की रोशनी को वापस परावर्तित कर सकता है, बल्कि घर के अंदर का तापमान भी काफी हद तक कम कर सकता है। यही नहीं, यह हवा से नमी खींचकर पानी बनाने की क्षमता भी रखता है। हर साल बढ़ते जा रहे सूर्य के प्रकोप से निपटने के लिए वैज्ञानिकों द्वारा तैयार की गई यह तकनीक लोगों के लिए काफी मददगार साबित हो सकती है। घरों की छत के साथ कारों की छत पर यह पेंट काफी प्रभावी साबित हो सकता है। अभी प्रयोग और परीक्षण के चरण में है, लेकिन इसके शुरुआती नतीजे बेहद लोगों को राहत देने का काम कर रहे हैं।

गर्मी से जूझते शहरों के लिए बड़ी उम्मीद

भारत समेत दुनिया के कई हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में घरों को ठंडा रखने के लिए एयर कंडीशनर (AC) पर निर्भरता तेजी से बढ़ी है। लेकिन इसके साथ बिजली की खपत और कार्बन उत्सर्जन भी बड़ी समस्या बन गया है। इसी चुनौती के समाधान के तौर पर यह नया कूलिंग पेंट सामने आया है। रिसर्च के मुताबिक, इसे दीवारों या छत पर लगाने के बाद सतह का तापमान आसपास के वातावरण की तुलना में काफी कम रह सकता है। कुछ परीक्षणों में पाया गया कि यह छत के तापमान को लगभग 25 डिग्री सेल्सियस तक कम कर सकता है और आसपास की हवा की तुलना में 6 डिग्री तक ठंडा वातावरण बनाए रख सकता है।

कैसे काम करता है यह स्मार्ट पेंट?

इस पेंट की खासियत इसकी रेडिएटिव कूलिंग तकनीक बताई जा रही है। आसान भाषा में समझें तो यह पेंट सूर्य की अधिकतर गर्मी और रोशनी को वापस अंतरिक्ष की ओर परावर्तित कर देता है। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह लगभग 97% तक सूर्य की किरणों को रिफ्लेक्ट कर सकता है। इसका मतलब इसकी मदद से दीवार या छत गर्म होकर अंदर की गर्मी को घर के भीतर नहीं पहुंचाती। नतीजा कमरों का तापमान अपेक्षाकृत ठंडा बना रहता है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर यह तकनीक बड़े स्तर पर सफल होती है, तो यह गर्म इलाकों में AC की जरूरत को काफी हद तक कम कर सकती है। वहीं चार पहिया वाहनों खासकर EVS के लिए वरदान साबित हो सकती है। क्योंकि इलेक्ट्रिक वाहनों को सबसे ज्यादा खतरा तेज धूप से रहता है।

पानी की समस्या पर भी संभावित समाधान

इस स्मार्ट पेंट की एक और खास बात इसे और भी दिलचस्प बनाती है। बताया जा रहा है कि इसकी सतह इतनी ठंडी रहती है कि हवा में मौजूद नमी इसके संपर्क में आकर पानी की बूंदों में बदल जाती है। यह प्रक्रिया कुछ-कुछ वैसी है जैसे सुबह के समय घास पर ओस जम जाती है। शुरुआती परीक्षणों में यह दावा किया गया है कि यह पेंट प्रति वर्ग मीटर सतह से रोजाना लगभग 390 मिलीलीटर तक पानी इकट्ठा कर सकता है। अगर यह क्षमता बड़े पैमाने पर भी साबित होती है, तो यह पानी की कमी वाले क्षेत्रों के लिए एक बड़ा समाधान बन सकता है।

भारत जैसे देशों में संभावनाएं क्यों ज्यादा?

भारत जैसे देश जहां एक तरफ गर्मी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचती है और दूसरी तरफ कई इलाकों में पानी की किल्लत भी रहती है, वहां यह तकनीक काफी उपयोगी साबित हो सकती है। ग्रामीण इलाकों में जहां बिजली की उपलब्धता सीमित है, वहां यह पेंट बिना किसी ऊर्जा खर्च के घरों को ठंडा रखने में मदद कर सकता है। वहीं शहरी इलाकों में यह AC पर निर्भरता और बिजली बिल दोनों को कम करने में सहायक हो सकता है।

अभी प्रयोग के चरण में तकनीक

हालांकि यह तकनीक अभी बाजार में उपलब्ध नहीं है। इसे ऑस्ट्रेलिया में अलग-अलग परिस्थितियों में टेस्ट किया जा रहा है। शोधकर्ताओं के मुताबिक, इसे सामान्य पेंट की तरह रोलर या स्प्रे की मदद से दीवारों और छतों पर लगाया जा सकता है।

लेकिन विशेषज्ञ यह भी साफ कर रहे हैं कि इसे बड़े पैमाने पर इस्तेमाल करने से पहले इसके स्थायित्व, लागत और वास्तविक प्रदर्शन पर और अध्ययन जरूरी है। यह स्मार्ट कूलिंग पेंट भविष्य की शहरी डिजाइन और निर्माण तकनीक को बदलने की क्षमता रखता है। अगर यह तकनीक व्यावसायिक स्तर पर सफल होती है, तो यह न केवल घरों को ठंडा रखने का तरीका बदल सकती है, बल्कि ऊर्जा संकट और जल संकट दोनों पर एक साथ असर डाल सकती है।

Jyotsana Singh
ABOUT THE AUTHOR

Jyotsana Singh

Jyotsana Singh is an Tech/Auto and Tourism Desk Content Writer at Newstrack.com.

Next Story