Tripura News: महिला सीएम का दांव खेल सकती है भाजपा, पार्टी नेतृत्व कर रहा भौमिक के नाम पर विचार

Tripura News: भाजपा इस बार त्रिपुरा में महिला मुख्यमंत्री का दांव खेल सकती है। सूत्रों के मुताबिक पार्टी नेतृत्व की ओर से केंद्रीय मंत्री प्रतिमा भौमिक के नाम पर विचार किया जा रहा है।

Anshuman Tiwari
Published on: 3 March 2023 11:11 AM IST (Updated on: 3 March 2023 11:12 AM IST)
Tripura News
X

माणिक साहा व प्रतिमा भौमिक

Tripura News: पूर्वोत्तर के तीन राज्यों त्रिपुरा, नागालैंड और मेघालय में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने बड़ी कामयाबी हासिल कर ली है। त्रिपुरा में भाजपा ने 32 सीटों पर जीत हासिल करके बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। नागालैंड और मेघालय में भी एनडीए की सरकार ही बनती दिख रही है। त्रिपुरा में सबकी निगाहें अब इस बात पर लगी है कि आखिरकार किसको मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी जाती है।

भाजपा को त्रिपुरा में मिली शानदार जीत में मुख्यमंत्री माणिक साहा की बड़ी भूमिका रही है। पार्टी की ओर से उन्हें सीएम फेस बताया जाता रहा है। यही कारण है कि उन्हें मुख्यमंत्री पद का सबसे बड़ा दावेदार माना जा रहा है। दूसरी ओर जानकार सूत्रों का कहना है कि भाजपा इस बार त्रिपुरा में महिला मुख्यमंत्री का दांव खेल सकती है। सूत्रों के मुताबिक पार्टी नेतृत्व की ओर से केंद्रीय मंत्री प्रतिमा भौमिक के नाम पर विचार किया जा रहा है। अगर पार्टी नेतृत्व ने भौमिक के नाम पर मुहर लगाई तो वे पूर्वोत्तर की पहली महिला मुख्यमंत्री होंगी।

मोदी ने किया था महिलाओं के समर्थन का जिक्र

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्वोत्तर के तीन राज्यों में भाजपा को मिली कामयाबी के बाद गुरुवार को अपने संबोधन के दौरान पार्टी को महिलाओं से मिले समर्थन का विशेष तौर पर जिक्र किया था। उनका कहना था कि देश के अन्य राज्यों की तरह पूर्वोत्तर की महिलाओं ने भी भाजपा को काफी समर्थन दिया है। पीएम मोदी पार्टी नेताओं को हमेशा यह याद दिलाते रहे हैं कि महिलाएं भाजपा की साइलेंट वोटर हैं।

पिछले साल के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में मिली जीत का श्रेय भी पीएम मोदी ने काफी हद तक महिलाओं को दिया था। प्रधानमंत्री मोदी महिला सशक्तिकरण पर भी हमेशा जोर देते रहे हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व की ओर से त्रिपुरा में बड़ा कदम उठाया जा सकता है। महिला सीएम के जरिए पार्टी आधी आबादी को बड़ा संदेश देने की कोशिश कर सकती है।

पहली महिला सीएम हो सकती हैं भौमिक

पार्टी सूत्रों का कहना है कि केंद्रीय मंत्री प्रतिमा भौमिक के नाम पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। हालांकि पार्टी की ओर से अभी तक आखिरी फैसला नहीं लिया गया है। मौजूदा समय में भौमिक केंद्रीय मंत्रिमंडल में राज्यमंत्री की भूमिका निभा रही हैं। पार्टी की ओर से जब उन्हें विधानसभा चुनाव में उतारा गया था तब भी कई लोगों को काफी हैरानी हुई थी। अब पार्टी उन्हें सीएम बना कर बड़ा संदेश दे सकती है। यदि पार्टी नेतृत्व की ओर से भौमिक को त्रिपुरा का मुख्यमंत्री बनाने का फैसला किया जाता है तो वे पूर्वोत्तर के इतिहास में पहली महिला मुख्यमंत्री होंगी।

साहा को केंद्र में सौंपी जा सकती है जिम्मेदारी

जानकार सूत्रों का कहना है कि यदि पार्टी नेतृत्व की ओर से भौमिक को मुख्यमंत्री पद सौंपने का फैसला किया गया तो त्रिपुरा की जीत में बड़ी भूमिका निभाने वाले माणिक साहा को केंद्र में जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि त्रिपुरा की जीत में साहा ने बड़ी भूमिका निभाई है। ऐसे में है पार्टी उन्हें नजरअंदाज नहीं करेगी। उन्हें मोदी कैबिनेट में शामिल किया जा सकता है।

महिला मतदाताओं का मिला समर्थन

त्रिपुरा में भाजपा को मिली कामयाबी में महिला मतदाताओं की बड़ी भूमिका मानी जा रही है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक पूर्वोत्तर में पुरुषों के मुकाबले महिलाओं ने ज्यादा मतदान किया है। महिला मतदाताओं के समर्थन के कारण ही भाजपा का शीर्ष नेतृत्व भौमिक के नाम पर विचार करने में जुटा हुआ है। शीर्ष स्तर पर इस बाबत गहराई से मंथन किया जा रहा है और जल्द ही इस बाबत आखिरी फैसला किए जाने की उम्मीद है।

Anshuman Tiwari
ABOUT THE AUTHOR

Anshuman Tiwari

न्यूजट्रैक ग्रुप की कोर टीम के सदस्य हूँ। मीडिया में 35 वर्षों से अधिक का करियर है। प्रमुख हिंदी अखबारों में वरिष्ठ पदों पर काम किया है। देश के प्रतिष्ठित संस्थान Indian Institute of Mass Communication से शिक्षा लेने के बाद दिल्ली, लखनऊ, वाराणसी में हिंदुस्तान, अमर उजाला, राष्ट्रीय सहारा और दैनिक जागरण जैसे विभिन्न प्रमुख समाचार पत्रों में काम किया।

Next Story