Tripura Assembly Election: त्रिपुरा में नड्डा ने जारी किया भाजपा का चुनावी घोषणा पत्र, राज्य के विकास के लिए बड़े कदम उठाने का वादा

Tripura Assembly Election: त्रिपुरा में 16 फरवरी को होने वाले चुनाव के लिए BJP ने पूरी ताकत झोंक दी है। इसी कड़ी में नड्डा ने आज त्रिपुरा चुनाव के लिए पार्टी का घोषणा पत्र भी जारी किया।

Anshuman Tiwari
Published on: 9 Feb 2023 5:20 PM IST
JP Nadda releases BJPs election manifesto in Tripura
X

त्रिपुरा में जेपी नड्डा ने जारी किया भाजपा का चुनावी घोषणा पत्र: Photo Social Media 

Tripura Assembly Election: त्रिपुरा (Tripura Assembly Election 2023) में 16 फरवरी को होने वाले चुनाव के लिए भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। पार्टी के बड़े नेता लगातार राज्य का दौरा करने में जुटे हुए हैं। इसी कड़ी में आज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा भी त्रिपुरा के दौरे पर पहुंचे। नड्डा ने आज त्रिपुरा चुनाव के लिए पार्टी का घोषणा पत्र भी जारी किया। पार्टी का घोषणा पत्र जारी करने से पहले नड्डा ने मां त्रिपुरा सुंदरी मंदिर में पूजा अर्चना की। भाजपा (BJP) की ओर से जारी संकल्प पत्र में त्रिपुरा के विकास के लिए कई बड़े कदम उठाने का वादा किया गया है।

भाजपा का घोषणा पत्र जारी करते हुए नड्डा ने कहा कि हमने पिछली बार किए गए सारी सारे चुनावी वादों को पूरा किया है। यही कारण है कि राज्य के लोगों का भाजपा के प्रति भरोसा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि हम इस बार भी सारी घोषणाओं को पूरा करने का वादा करते हैं। हमें त्रिपुरा के लोगों का एक बार फिर समर्थन और विश्वास हासिल होने का पूरा भरोसा है।

भाजपा ने सभी चुनावी वादे पूरे किए

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जब दूसरे राजनीतिक दलों की ओर से घोषणा पत्र जारी किया जाता है तो लोगों की उसमें दिलचस्पी नहीं होती। लोगों में वादों के पूरा होने का भरोसा नहीं होता मगर मतदाता भाजपा के घोषणापत्र का हमेशा इंतजार किया करते हैं क्योंकि उन्हें भाजपा की ओर से सभी वादों को पूरा किए जाने का भरोसा होता है।

नड्डा ने कहा कि 2018 में राज्य की सत्ता में आने के बाद भाजपा ने अपने सभी चुनावी वादों को पूरा किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की ओर से राज्य में तीन लाख मकान बनवाए गए हैं। सरकार के इस कदम से लोगों के पक्के घर का सपना पूरा हो गया है। उन्होंने कहा कि दूसरे दलों के नेता अपना रिपोर्ट कार्ड लेकर सामने नहीं आते, लेकिन जब भाजपा का नेता सामने आता है तो मतदाताओं के सामने अपना रिपोर्ट कार्ड रखता है और आगे के रोडमैप की जानकारी भी देता है।

घोषणा पत्र में किए गए वादे

भाजपा अध्यक्ष की ओर से जारी घोषणा पत्र में त्रिपुरा के विकास के लिए कई बड़े वादे किए गए हैं। पार्टी की ओर से आदिवासी क्षेत्रों को अधिक स्वायत्तता देने का वादा किया गया है। इसके साथ ही किसानों को आर्थिक मदद देने और रबर आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने का वादा भी किया गया है। धार्मिक गुरु अनुकूल चंद्र के नाम पर सभी के लिए पांच रुपए की भोजन योजना शुरू करने की घोषणा भी की गई है। इसके साथ ही अगरतला में क्षेत्रीय चिकित्सा विज्ञान संस्थान की स्थापना का ऐलान भी किया गया है।

भाजपा के घोषणा पत्र में राज्य की प्रत्येक बालिका को 50,000 रुपए का बालिका समृद्धि बांड देने और आदिवासी भाषा कोकबोरोक को सीबीएसई ओर आईसीएसई पाठ्यक्रम में शामिल करने का वादा भी किया गया है। किसान सम्मान निधि का दायरा बढ़ाने और राज्य सरकार की ओर से भी किसानों को 2000 रुपए की आर्थिक मदद देने की घोषणा भी की गई है। घोषणा पत्र जारी करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने उम्मीद जताई कि 16 फरवरी को होने वाले चुनाव में पार्टी राज्य के मतदाताओं का विश्वास जीतने में कामयाब होगी।

Anshuman Tiwari
ABOUT THE AUTHOR

Anshuman Tiwari

न्यूजट्रैक ग्रुप की कोर टीम के सदस्य हूँ। मीडिया में 35 वर्षों से अधिक का करियर है। प्रमुख हिंदी अखबारों में वरिष्ठ पदों पर काम किया है। देश के प्रतिष्ठित संस्थान Indian Institute of Mass Communication से शिक्षा लेने के बाद दिल्ली, लखनऊ, वाराणसी में हिंदुस्तान, अमर उजाला, राष्ट्रीय सहारा और दैनिक जागरण जैसे विभिन्न प्रमुख समाचार पत्रों में काम किया।

Next Story