TRENDING TAGS :
‘कैसे दूंगा परीक्षा...’, हाईस्कूल के छात्र को पुलिस ने दी ‘थर्ड डिग्री’, पिटाई से टूटा हाथ
Agra Police Brutality Case: मिढ़ाकुर चौकी में तैनात दो दारोगाओं पर आरोप है कि उन्होंने एक हाईस्कूल छात्र को ‘थर्ड डिग्री’ दी और उससे अवैध वसूली की कोशिश की।
Agra Police Brutality Case
Agra Police Brutality Case: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के किरावली थाना क्षेत्र से पुलिस की कथित संवेदनहीनता और बर्बरता का मामला सामने आया है। मिढ़ाकुर चौकी में तैनात दो दारोगाओं पर आरोप है कि उन्होंने एक हाईस्कूल छात्र को ‘थर्ड डिग्री’ दी और उससे अवैध वसूली की कोशिश की। पिटाई के दौरान छात्र का हाथ टूट गया, जिससे उसकी चल रही बोर्ड परीक्षाएं प्रभावित हो गई हैं।
छात्र को पूछताछ के नाम पर बुलाया चौकी
बताया जा रहा है कि दो छात्रों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसे बाद में फोन पर ही सुलझा लिया गया। इसके बावजूद पुलिस ने एक छात्र को पूछताछ के नाम पर मिढ़ाकुर चौकी बुलाया। आरोप है कि वहां मौजूद दो दारोगाओं ने उससे पैसों की मांग की। पीड़ित छात्र का कहना है कि जब उसने पैसे देने में असमर्थता जताई तो उसे बांधकर डंडों से बेरहमी से पीटा गया। मारपीट के दौरान उसके हाथ में गंभीर चोट आई। बाद में कराई गई मेडिकल जांच में हाथ में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। छात्र वर्तमान में हाईस्कूल का परीक्षार्थी है और यूपी बोर्ड की परीक्षाएं दे रहा है। हाथ टूटने के कारण वह लिखने की स्थिति में नहीं है, जिससे उसके आगामी पेपर और शैक्षणिक भविष्य पर संकट खड़ा हो गया है।
दो दारोगा तत्काल प्रभाव से निलंबित
मामला उच्च अधिकारियों तक पहुंचते ही पुलिस विभाग में हलचल मच गई। डीसीपी वेस्ट ने घटना को गंभीरता से लेते हुए एसीपी अछनेरा को जांच सौंपी। प्रारंभिक जांच में आरोप ही पाए जाने पर दोनों आरोपी दारोगाओं को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। डीसीपी वेस्ट ने स्पष्ट किया है कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कड़ी धाराओं में एफआईआर दर्ज की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून हाथ में लेने वाले किसी भी पुलिसकर्मी को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।


