Agra Zip Line Accident: जिप लाइन का हुक टूटने से 45 फीट नीचे गिरा किशोर, एडवेंचर के दौरान मौत

Agra Zip Line Accident: उत्तर प्रदेश के आगरा जनपद के ताजगंज स्थित चौपाटी में बड़ा हादसा हो गया। जिप लाइन का हुक टूटने से 16 वर्षीय किशोर 45 फीट नीचे गिर पड़ा, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मैनेजर और सेफ्टी इंचार्ज को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

Aditya Kumar Verma
Published on: 25 May 2026 1:46 PM IST
Agra Zip Line Accident
X

Ai Edited Image

Agra Zip Line Accident: आगरा में घूमने आए एक परिवार की खुशी उस समय मातम में बदल गई, जब एडवेंचर गतिविधि के दौरान 16 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा ताजगंज स्थित चौपाटी में हुआ, जहां जिप लाइन का हुक टूटने से किशोर करीब 45 फीट की ऊंचाई से नीचे जमीन पर गिर पड़ा। जिस दौरान सिर और शरीर में गंभीर चोट आने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

परिवार के साथ आगरा आया था किशोर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फिरोजाबाद के उत्तर थाना क्षेत्र स्थित गणेशनगर निवासी पंकज अग्रवाल रविवार को छुट्टी होने के कारण पत्नी और अपने दो बेटों के साथ आगरा घूमने आए थे। परिवार दोपहर के समय ताजगंज स्थित चौपाटी पहुंचा था, जहां सभी सैर सपाटा कर रहे थे।

इसी दौरान पंकज अग्रवाल का 16 वर्षीय बेटा कुनाल अग्रवाल एडवेंचर गतिविधियों का आनंद लेने लगा। वह जिप लाइन झूले पर चढ़ा हुआ था और एडवेंचर कर रहा था।

अचानक टूटा जिप लाइन का हुक

वहीं शाम करीब छह बजे अचानक बड़ा हादसा हो गया। जहां जिप लाइन का हुक टूट गया, जिससे कुनाल सीधे करीब 45 फीट की ऊंचाई से नीचे जमीन पर आ गिरा। ये हादसा होते ही मौके पर अफरा तफरी मच गई और वहां मौजूद लोग दहशत में आ गए।

जिसके बाद घायल हालत में आनन फानन में कुनाल को एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिवार में मचा कोहराम

वहीं कुनाल की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख पुकार मच गई। मां और भाई की हालत शव देखकर बिगड़ गई और दोनों बेसुध हो गए। जहां कुछ ही देर पहले तक परिवार घूमने फिरने में व्यस्त था, लेकिन अचानक हुए हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल

वहीं इस हादसे के बाद स्वजन ने चौपाटी का संचालन करने वाली कंपनी ईओडी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई, जिसकी वजह से इतना बड़ा हादसा हुआ। घटना के बाद लोगों के बीच भी एडवेंचर गतिविधियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

पुलिस हिरासत में मैनेजर और सेफ्टी इंचार्ज

वहीं इस मामले की सूचना मिलते ही ताजगंज पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी। एडीसीपी हिमांशु गौरव ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि चौपाटी का संचालन करने वाली आउटसोर्स कंपनी ईओडी के मैनेजर और सेफ्टी इंचार्ज को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। उन्होंने बताया कि, हादसे की जांच की जा रही है और तहरीर मिलने के बाद आगे मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

Aditya Kumar Verma
ABOUT THE AUTHOR

Aditya Kumar Verma

आदित्य कुमार वर्मा उत्तर प्रदेश के पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने भारतीय राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य और मानवीय सरोकारों से जुड़ी खबरों की व्यापक रिपोर्टिंग की है। उनके पास मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की डिग्री है और वे रिपोर्टर, एंकर तथा सब-एडिटर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। साथ ही वो उत्तर प्रदेश की राजनीति, शासन-प्रशासन और नौकरशाही व्यवस्था की गहरी समझ रखते हैं। पत्रकारिता के अलावा उन्हें पुस्तकों का अध्ययन, लेखन, कविता-लेखन और पाठ और यात्राएं करना विशेष रूप से पसंद है। विभिन्न संस्कृतियों और समाजों को करीब से जानने-समझने की उनकी रुचि ने उनके दृष्टिकोण को व्यापक बनाया है, जिसका सकारात्मक प्रभाव उनकी लेखन शैली और रिपोर्टिंग में भी देखने को मिलता है।

Next Story