Aligarh News: 54 हजार महिलाएं बनीं ‘लखपति दीदी’, हजारों महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य

Aligarh News: अलीगढ़ में 54 हजार महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। अब हजारों अन्य महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए अभियान तेज किया जा रहा है।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 3 Jun 2026 3:49 PM IST (Updated on: 3 Jun 2026 5:31 PM IST)
Aligarh News: 54 हजार महिलाएं बनीं ‘लखपति दीदी’, हजारों महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य
X

Aligarh News: ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में अलीगढ़ ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जिले में अब तक 54,576 महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं, जबकि वर्ष 2026 के अंत तक 32,168 और महिलाओं को इस श्रेणी में शामिल करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

बुधवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में महिला सशक्तिकरण और आजीविका संवर्धन योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र परिवारों को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा सके।

आंकड़ों में दिख रही बदलाव की तस्वीर

बैठक में उपायुक्त (स्वतः रोजगार) मंजू त्रिवेदी ने बताया कि मई 2026 तक 1,25,928 पात्र गृहस्थी परिवारों को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित था। इनमें से अब तक 59,730 परिवार समूहों से जुड़ चुके हैं। वहीं जीरो पॉवर्टी अभियान के तहत 16,622 परिवारों को विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जोड़ा गया है। इससे हजारों परिवारों की आय में वृद्धि के नए अवसर पैदा हुए हैं।

महिलाओं के लिए बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

कुटुंबश्री योजना के अंतर्गत जिले में 11 नई कैंटीन स्थापित करने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इन कैंटीनों के संचालन से महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे। सीडीओ योगेंद्र कुमार ने निर्देश दिए कि कृषि के साथ-साथ गैर-कृषि क्षेत्र में कार्यरत महिलाओं को भी स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा जाए। उन्होंने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में ब्लॉक स्तर पर 25 हजार अतिरिक्त परिवारों को समूहों से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।


गांव-गांव चलेगा जागरूकता अभियान

लक्ष्य प्राप्ति के लिए समूह सखी, विद्युत सखी, रोजगार सेवक तथा ग्राम सचिवों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग की योजनाओं के माध्यम से प्रत्येक ब्लॉक में कम से कम दो परिवारों को स्वरोजगार से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया है। बैठक में जिला विकास अधिकारी आलोक आर्य, परियोजना निदेशक भालचंद्र त्रिपाठी, जॉइंट मजिस्ट्रेट आयुष जायसवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

अधिकारियों का कहना है कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का अभियान लगातार जारी है। आने वाले समय में अलीगढ़ की महिलाएं न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करेंगी, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था की भी महत्वपूर्ण आधारशिला बनेंगी।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story