TRENDING TAGS :
Aligarh News: डिफेंस कॉरिडोर के बीच ब्लैक बक की वापसी की तैयारी, संवरेगा पला सल्लू संरक्षण केंद्र
Aligarh News: अलीगढ़ के गभाना स्थित पला सल्लू ब्लैक बक संरक्षण केंद्र को आधुनिक सुविधाओं से विकसित करने की तैयारी है।
Aligarh News
Aligarh News: अलीगढ़ जनपद के गभाना क्षेत्र स्थित पला सल्लू ब्लैक बक संरक्षण केंद्र की तस्वीर अब बदलने वाली है। डिफेंस कॉरिडोर और औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के कारण क्षेत्र से दूर चले गए काले हिरणों (ब्लैक बक) को वापस लाने के लिए वन विभाग ने विशेष योजना तैयार की है। इसके तहत संरक्षण केंद्र को आधुनिक सुविधाओं से विकसित किया जाएगा, ताकि ब्लैक बक के लिए अनुकूल वातावरण तैयार हो सके।
वन विभाग के अनुसार अलीगढ़, हाथरस, एटा और कासगंज क्षेत्र लंबे समय से ब्लैक बक का प्राकृतिक आवास रहे हैं। पला सल्लू संरक्षण केंद्र भी वर्षों से इन दुर्लभ वन्यजीवों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है। हालांकि विकास परियोजनाओं और बदलते पर्यावरणीय हालात के कारण इनकी संख्या और उपस्थिति में कमी देखी गई है। विभाग का कहना है कि ब्लैक बक की संख्या में कमी का कोई आधिकारिक आंकड़ा उपलब्ध नहीं है, लेकिन उनके आवागमन के क्षेत्र में बदलाव जरूर आया है।
वर्तमान में संरक्षण केंद्र में तालाबों की व्यवस्था और वनकर्मियों की निगरानी मौजूद है, लेकिन अब इसे और बेहतर बनाने की तैयारी की जा रही है। प्रभागीय वन अधिकारी शिवम कुमार ने बताया कि शासन को एक विस्तृत प्रस्ताव भेजा जा रहा है। इस प्रस्ताव में मजबूत चहारदीवारी का निर्माण, तालाबों का जीर्णोद्धार, पर्याप्त जल उपलब्धता और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास की योजना शामिल है।
वन विभाग का मानना है कि इस पहल से दोहरा लाभ मिलेगा। एक ओर ब्लैक बक के संरक्षण को मजबूती मिलेगी, वहीं दूसरी ओर अलीगढ़ में ईको-टूरिज्म को भी बढ़ावा मिलेगा। वन्यजीव प्रेमियों, प्रकृति प्रेमियों और फोटोग्राफरों के लिए पला सल्लू संरक्षण केंद्र आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन सकता है।वन विभाग का उद्देश्य विकास और वन्यजीव संरक्षण के बीच संतुलन स्थापित करना है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद विकास कार्य शुरू किए जाएंगे। विभाग को उम्मीद है कि आने वाले समय में पला सल्लू संरक्षण केंद्र में फिर से बड़ी संख्या में ब्लैक बक दिखाई देंगे और यह क्षेत्र उनकी सुरक्षित शरणस्थली के रूप में पहचान बनाएगा।


