TRENDING TAGS :
Aligarh: अलीगढ़ में 5 से 21 जून तक चलेगा जनजागरूकता अभियान, पात्रों को मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ
Aligarh News: अलीगढ़ में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 से 21 जून तक जनकल्याण एवं जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान पात्र नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।
Aligarh News
Aligarh News: केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में अलीगढ़ जिले में 5 जून से 21 जून 2026 तक समेकित जनकल्याण एवं जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अभियान को सफल बनाने के लिए बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार की अध्यक्षता में सभी विभागीय अधिकारियों की वर्चुअल बैठक संपन्न हुई।
बैठक में सीडीओ योगेंद्र कुमार ने अभियान की रूपरेखा और विभागवार जिम्मेदारियों को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि अभियान का प्रमुख उद्देश्य केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी हर नागरिक तक पहुंचाना है। साथ ही, उन पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से जोड़ना है, जो किसी कारणवश अब तक लाभ से वंचित रह गए हैं।मुख्य विकास अधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन द्वारा निर्धारित दायित्वों का पूर्ण निष्ठा और समयबद्धता के साथ निर्वहन किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान की सफलता का आधार जमीनी स्तर पर सक्रिय सहभागिता और लाभार्थियों तक योजनाओं की वास्तविक पहुंच होगी।
प्रत्येक गतिविधि का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए अधिक से अधिक लोगों तक सरकार की उपलब्धियों की जानकारी पहुंचाई जाए।अभियान के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा जनसंपर्क कार्यक्रम, जागरूकता रैली, लाभार्थी संपर्क अभियान एवं विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों के माध्यम से पात्र लोगों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने की व्यवस्था रहेगी। सीडीओ ने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने पर विशेष बल दिया।
बैठक में उपस्थित विभागीय अधिकारियों ने अभियान की तैयारियों की जानकारी साझा की और निर्धारित कार्यक्रमों के सफल संचालन का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने बताया कि ग्राम पंचायत से लेकर ब्लॉक स्तर तक टीमें गठित कर लाभार्थियों को चिन्हित किया जाएगा।अलीगढ़ जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की है। प्रशासन ने कहा कि पात्र नागरिक शिविरों में पहुंचकर सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ अवश्य उठाएं। अभियान के माध्यम से पेंशन, आवास, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, कृषि योजनाएं और स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।


