यूपी में तड़तड़ाईं गोलियां! चार बच्चों और मां के कातिल आमिर को पुलिस ने किया ढेर

Ambedkar Nagar Police Encounter: सोमवार तड़के करीब पांच बजे अकबरपुर कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी आमिर को मार गिराया।

Shishumanjali kharwar
Published on: 4 May 2026 9:26 AM IST
Ambedkar Nagar Police Encounter
X

Ambedkar Nagar Police Encounter

Ambedkar Nagar Police Encounter: चार मासूम बच्चों और उनकी मां की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। सोमवार तड़के करीब पांच बजे अकबरपुर कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी आमिर को मार गिराया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई

पुलिस के अनुसार, इस जघन्य हत्याकांड के बाद से ही संदिग्ध आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई थी। सोमवार सुबह एक संदिग्ध युवक बाइक पर जाता हुआ दिखाई दिया, जिसे पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। लेकिन वह रुकने के बजाय तेजी से भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया और नेवतरिया बाईपास के पास उसे घेरने की कोशिश की। इसी दौरान आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई, जिसमें आरोपी आमिर मौके पर ही ढेर हो गया। मुठभेड़ के बाद क्षेत्र को पूरी तरह से सील कर दिया गया और जांच के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि मारा गया आरोपी आमिर पुत्र जान मोहम्मद, मीरानपुर मोहल्ला, थाना कोतवाली अकबरपुर का रहने वाला था और एक शातिर अपराधी के रूप में उसकी पहचान थी।

आमिर पहले भी कई गंभीर आपराधिक मामलों में जा चुका था जेल

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आमिर पहले भी कई गंभीर आपराधिक मामलों में जेल जा चुका था। इतना ही नहीं, एक महिला से दुष्कर्म के मामले में पुलिस उसके खिलाफ पहले भी ‘हाफ एनकाउंटर’ कर चुकी थी। इसके बावजूद वह आपराधिक गतिविधियों में लगातार सक्रिय रहा। गौरतलब है कि हाल ही में मुरादाबाद के मीरानपुर इलाके में चार बच्चों की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद उनकी मां का शव भी संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। इस दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे जिले में सनसनी फैला दी थी और लोगों में भय का माहौल बन गया था। इस हत्याकांड के खुलासे के लिए पुलिस लगातार जांच में जुटी हुई थी और विभिन्न टीमों को आरोपियों की तलाश में लगाया गया था। पुलिस का कहना है कि इस मुठभेड़ के बाद मामले की कई अहम कड़ियां जुड़ने की उम्मीद है और जल्द ही पूरे हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में भी जुटी हुई है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

Shishumanjali kharwar
ABOUT THE AUTHOR

Shishumanjali kharwar

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story