TRENDING TAGS :
अरे ये क्या..! सड़क पर एक के बाद एक गिरने लगे बाइक सवार, संभलने से पहले ढेर; अमरोहा से चौंकाने वाला Video वायरल
Amroha Road Accident: अमरोहा जिले में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां महज दो मिनट के भीतर करीब दस से अधिक दोपहिया वाहन सड़क पर फिसलकर दुर्घटनाग्रस्त हो गए।
Amroha Road
Amroha Road Accident: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां महज दो मिनट के भीतर करीब दस से अधिक दोपहिया वाहन सड़क पर फिसलकर दुर्घटनाग्रस्त हो गए। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बाइक सवार एक के बाद एक सड़क पर गिरते हुए नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि सड़क पर किसी तरल पदार्थ के फैल जाने के कारण फिसलन पैदा हो गई थी, जिससे यह सिलसिलेवार हादसे हुए। इस दौरान प्रशासन की ओर से समय रहते कोई चेतावनी या व्यवस्था नहीं की गई, जिससे लोग लगातार हादसे का शिकार होते रहे।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना अमरोहा के थाना बछरायूं क्षेत्र में स्थित ब्लू बर्ड्स स्कूल के सामने हुई। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बाइक सवार जैसे ही उस सड़क से गुजरते हैं, वे संतुलन खोकर गिर जाते हैं। कुछ वाहन सवार तो अपनी बाइक के साथ काफी दूर तक सड़क पर घिसटते चले गए। इस हादसे में लगभग 15 से 20 लोग घायल हुए हैं, जबकि कई दोपहिया वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
घटना को मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया और सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। वीडियो वायरल होते ही लोगों में प्रशासन की लापरवाही को लेकर नाराजगी देखने को मिली। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर गन्ने का मलबा फैला हुआ था, जो हादसों की बड़ी वजह बना। बीते दिन अचानक हुई बारिश के कारण यह मलबा गीला हो गया और सड़क पर जबरदस्त फिसलन पैदा हो गई। इसी वजह से बाइक सवार एक के बाद एक गिरते चले गए।
स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि गन्ना ढोने वाले ट्रैक्टरों में मलबा भरकर ले जाया जाता है और उसे खुले में सड़क पर गिरा दिया जाता है, लेकिन इसकी सफाई पर कोई ध्यान नहीं दिया जाता। लोगों का कहना है कि जिला प्रशासन को इस तरह की लापरवाही पर सख्त कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
वहीं अमरोहा पुलिस ने घटना को लेकर सफाई दी है। पुलिस के अनुसार 23 जनवरी को ब्लू बर्ड्स स्कूल के सामने सड़क पर गन्ने का मलबा पड़ा होने के कारण फिसलन की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। जैसे ही मामले की जानकारी मिली, थाना बछरायूं पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर और शुगर मिल के फायर वाहन की मदद से सड़क पर पानी डलवाकर मलबा साफ कराया। सफाई कार्य पूरा होने के बाद सड़क पर यातायात को सामान्य रूप से बहाल कर दिया गया। फिलहाल प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है, लेकिन यह घटना सड़क सुरक्षा और समय पर कार्रवाई को लेकर कई सवाल खड़े कर रही है।


