Twisha Sharma के बाद अब दहेज की बलि चढ़ी अमरोहा की पुष्पेंद्री,पिता को आखिरी काॅल कर बयां किया था डर

Amroha Case: यूपी के अमरोहा जिले में नवविवाहिता पुष्पेंद्री देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने फिर समाज को झकझोर कर रख दिया है।

Shishumanjali kharwar
Published on: 21 May 2026 12:43 PM IST
Amroha Case
X

Amroha Case

Amroha Case: देश में इन दिनों घरेलू प्रताड़ना और दहेज के चलते हुई घटनाओं ने नई बहस छेड़ दी है। यूपी के अमरोहा जिले में नवविवाहिता पुष्पेंद्री देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने फिर समाज को झकझोर कर रख दिया है। यह मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि हाल के दिनों में ग्रेटर नोएडा की दीपिका नागर और भोपाल की ट्विशा शर्मा का मामला पूरे देष में सुर्खियों में है। अब अमरोहा की बेटी पुष्पेंद्री की मौत ने लोगों को फिर सोचने पर मजबूर कर दिया है।

घटना अमरोहा जिले के आदमपुर थाना क्षेत्र के बगड़पुर चोइया गांव की है। जहां संदिग्ध परिस्थितियों में 19 साल नवविवाहिता पुष्पेंद्री देवी अपने ससुराल में फंदे से लटकी मिलीं। घटना से पहले पुष्पेंद्री ने अपने पिता से फोन पर बात की थी और अपना दर्द बयां किया था। परिजनों के अनुसार पुष्पेंद्री ने पिता बलबीर सिंह को फोन किया था। फोन पर बातचीत के दौरान वह लगातार रो रही थी और बार-बार कह रही थी कि “पापा, मुझे यहां से ले जाइए, ये लोग मुझे मार डालेंगे।”

बेटी की दर्द भरी आवाज सुन पिता ने उसे शांत कराने की कोशिश की और यह भरोसा दिलाया था कि वह जल्द पहुंचेंगे। लेकिन कुछ ही देर बाद परिवार को बेटी की मौत की खबर मिल गई। बेटी की मौत होने के बाद पिता ने ससुरालीजनों पर गंभीर का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि बेटी की हत्या कर आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया। परिवारजनों ने यह भी बताया कि पुष्पेंद्री की शादी इसी साल 13 फरवरी को गजरौला क्षेत्र के खुमावली निवासी ओमपाल से हुई थी। शादी में परिवार ने क्षमता के अनुसार काफी दहेज दिया था, लेकिन ससुराल वाले दहेज से इससे संतुष्ट नहीं थे।

परिजनों का यह आरोप है कि शादी के बाद से ही पुष्पेंद्री के ससुरालवाले अतिरिक्त 10 लाख रुपये की मांग कर रहे थे। जिसको लेकर बेटी को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। उसके साथ मारपीट की जाती थी और मानसिक दबाव बनाया जाता था। परिवार का कहना है कि बेटी कई बार अपनी परेशानी बता चुकी थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Shishumanjali kharwar
ABOUT THE AUTHOR

Shishumanjali kharwar

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story