TRENDING TAGS :
एक और 'सीमा हैदर'! इस बार पाकिस्तानी नहीं 'बांग्लादेशी भाभी'... प्यार में सीक्रेट तरीके से पहुंची UP
Seema Haider Like Bangladeshi Woman India Entry: अमरोहा में बांग्लादेशी महिला के अवैध रूप से भारत आने का खुलासा हुआ। सऊदी में बना रिश्ता नेपाल के रास्ते भारत पहुंचा।
Seema Haider Like Bangladeshi Woman India Entry: पाकिस्तान से भारत आई सीमा हैदर की चर्चा आपने खूब सुनी होगी, जिन्होंने नोएडा के सचिन मीणा संग शादी रचाई। अब एक और प्रेम कहानी सामने आई, जिसमें देश की सीमा तक लांघ दी गई है। लेकिन इस बार पाकिस्तान से नहीं बल्कि बांग्लादेश से एक महिला यूपी के अमरोहा में गुपचुप तरीके से आकर अपना नया संसार बसाने की कोशिश की। पूरा मामला सामने आने के बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियां तक भी दंग रह गईं।
धीरे-धीरे खुलते इस राज ने शहर में भी हलचल मचा दी और फिर सामने आई एक ऐसी कहानी, जिसमें प्यार, साजिश, जोखिम और अवैध घुसपैठ, सबकुछ मिला-जुला था।
सऊदी अरब में शुरू हुई प्रेमकहानी
खुलासे के बाद पता चला कि अमरोहा के रहने वाले राशिद अली की मुलाकात करीब छह साल पहले सऊदी अरब में रीना बेगम नाम की बांग्लादेशी महिला से हुई थी। दोनों एक ही अस्पताल में काम करते थे। देख–देख में बात बढ़ी, नज़दीकियां गहरी हुईं और दोनों ने वहीं सऊदी में निकाह कर लिया। निकाह की रसीद भी पुलिस के हाथ लगी है, जिसने इस रिश्ते को पूरी तरह साबित कर दिया। राशिद अली शादी के बाद कई बार बांग्लादेश भी गया। योजना पहले से ही तैयार थी- एक ऐसी योजना, जिसमें सीमाएं, वीजा और कानून सब बेकार हो जाने वाले थे।
नेपाल के रास्ते ‘गुप्त एंट्री’
जांच में पता चला कि राशिद और रीना दोनों टूरिस्ट वीज़ा पर नेपाल पहुंचे। वहां से महेंद्रनगर और फिर बनबसा होते हुए चोरी–छिपे भारत में घुस आए। दोनों अमरोहा के मंडी धनौरा इलाके में चुपचाप रहने लगे। बाहर से देखने पर यह एक आम दंपत्ति की तरह लगते थे, लेकिन उनकी पहचान, उनके दस्तावेज और उनका भारत में रहना सबकुछ कानून के दायरे से बाहर था।
मुखबिर की एक सूचना और खुल गया पूरा खेल
थाना मंडी धनौरा पुलिस को मुखबिर से खबर मिली कि एक संदिग्ध बांग्लादेशी महिला इलाके में रह रही है। पुलिस ने दबिश डाली और पूछताछ शुरू की। शुरुआत में रीना ने तो पुलिस को चकमा देने की पूरी कोशिश की। उसने कहा कि वो पश्चिम बंगाल की है, लेकिन जांच अफसरों की नजरों से बच पाना आसान नहीं था। कई घंटे की पूछताछ, बरामद दस्तावेज और उसके विरोधाभासी बयान सबने सच खोल दिया। रीना बेगम असल में ढाका के गाजीपुर जिले की रहने वाली निकली।
ऑपरेशन टॉर्च में बड़ी सफलता
उत्तर प्रदेश में अवैध घुसपैठ के खिलाफ सरकार का ऑपरेशन टॉर्च लगातार चल रहा है। इसी अभियान के तहत यह कार्रवाई भी की गई। अमरोहा पुलिस ने राशिद अली और रीना बेगम दोनों को गिरफ्तार कर लिया है और उन पर मुकदमा दर्ज कर दिया गया है। यह मामला अब जिले में चर्चा का सबसे गर्म विषय है क्योंकि यह सिर्फ एक प्रेमकहानी नहीं, बल्कि सुरक्षा और कानून से जुड़ा गंभीर मामला बन गया है। अमरोहा में लोग बस इतना कह रहे है कि सीमा–सचिन की कहानी के बाद अब एक और सरहदी प्रेमकथा, लेकिन इस बार अंजाम पुलिस की गिरफ्त।


