TRENDING TAGS :
सपा में शामिल होने वाली हैं Aparna Yadav? ओम प्रकाश राजभर ने दावों के पीछे का बताया पूरा सच
Aparna Yadav Join Samajwadi Party: भाजपा नेता अपर्णा यादव के समाजवादी पार्टी में वापसी की चर्चाओं को खारिज करते हुए राजभर ने इसे महज अफवाह बताया।
Om Prakash Rajbhar
Aparna Yadav Join Samajwadi Party: उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने आजमगढ़ दौरे के दौरान कई राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर अपनी राय रखी। उन्होंने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में हुई बढ़ोतरी का बचाव करते हुए कहा कि सरकार जमाखोरी पर रोक लगाने के लिए लगातार कदम उठा रही है और यह फैसला भी उसी दिशा में उठाया गया एक प्रयास है।
जनता के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहा विपक्ष
मुलायम सिंह यादव के परिवार की सदस्य और भाजपा नेता अपर्णा यादव के समाजवादी पार्टी में वापसी की चर्चाओं को खारिज करते हुए राजभर ने इसे महज अफवाह बताया। उन्होंने कहा कि अपर्णा यादव वर्तमान में बीजेपी सरकार में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं और विपक्ष जनता के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी में कुछ लोग केवल पोस्टरबाजी, सोशल मीडिया पर सक्रियता और माहौल खराब करने की राजनीति कर रहे हैं। राजभर ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा सीबीएसई को लेकर लगाए गए आरोपों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सरकार किसी व्यक्ति विशेष के निर्देशों पर नहीं, बल्कि देशहित को ध्यान में रखकर फैसले लेती है। उनके अनुसार, सरकार की प्राथमिकता हमेशा जनता और राष्ट्र के हितों की रक्षा करना है।
सपा अध्यक्ष पर किया जुबानी हमला
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए राजभर ने कहा कि राजनीति केवल सोशल मीडिया और प्रेस कॉन्फ्रेंस तक सीमित नहीं हो सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि भीषण गर्मी में जहां कार्यकर्ता और नेता जनता के बीच सक्रिय रहते हैं, वहीं कुछ नेता वातानुकूलित कमरों में बैठकर राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता के बीच रहकर समस्याओं को समझना ही असली राजनीति है।कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों का जवाब देते हुए राजभर ने कहा कि वर्तमान सरकार अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में कानून-व्यवस्था की स्थिति कमजोर थी और अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ था।


