TRENDING TAGS :
Auraiya News : औरैया मेडिकल कॉलेज का नाम अहिल्याबाई होल्कर पर, भाजपा ने पीएम-सीएम का आभार जताया
Auraiya News : औरैया मेडिकल कॉलेज का नाम लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर रखे जाने पर भाजपा ने पीएम मोदी और सीएम योगी का आभार जताया
Auraiya News : औरैया के राजकीय मेडिकल कॉलेज का नाम पुण्यश्लोक लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर राजकीय मेडिकल कॉलेज रखे जाने पर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया। यह नामकरण लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती के अवसर पर किया गया, जिसके उपलक्ष्य में मेडिकल कॉलेज सभागार में एक गोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय इतिहास में राजा नल, धर्मराज युधिष्ठिर और लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर को ‘पुण्यश्लोक’ की उपाधि प्राप्त हुई थी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आधुनिक युग में लोककल्याण, सुशासन, सेवा और राष्ट्र निर्माण के आदर्शों को आगे बढ़ा रहे हैं। इसी भावना के अनुरूप मेडिकल कॉलेज का नाम अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर रखा जाना समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणादायी कदम है।
गोष्ठी की अध्यक्षता कर रहे भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर ने अपने शासनकाल में देशभर में मठों, मंदिरों, घाटों, धर्मशालाओं, कुओं और जलाशयों का निर्माण कर जनसेवा का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि उनके धार्मिक, सामाजिक और लोकहितकारी कार्य आज भी लोगों को प्रेरणा प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के उपरांत परिसर में एक यात्रा भी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के त्याग, सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।
इसके बाद क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने समाधान पूर्व स्थित कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सीधा प्रसारण भी सुना। इस अवसर पर जिला प्रभारी आनंद सिंह, जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया, जिला महामंत्री विशाल शुक्ला, नगर पंचायत अध्यक्ष राघव मिश्रा सहित अनेक पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।


