TRENDING TAGS :
Auraiya News: भीषण गर्मी में राहगीरों को मिला राहत का सहारा, ओजस्वी फाउंडेशन ने वितरित किए गमछे
Auraiya News: भीषण गर्मी के बीच ओजस्वी फाउंडेशन ने श्रमिकों और राहगीरों को गमछे वितरित कर राहत पहुंचाई। सामाजिक सरोकार की इस पहल की लोगों ने सराहना की।
Auraiya News(Photo-Social Media)
Auraiya News: औरैया में भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से ओजस्वी फाउंडेशन ने एक सराहनीय पहल करते हुए श्रमिकों, राहगीरों और रिक्शा चालकों को गमछे तथा अंगवस्त्र वितरित किए। यह कार्यक्रम विकास खंड भाग्यनगर की ग्राम पंचायत कोठीपुर में सोशल वेलफेयर कमेटी के ब्लॉक सचिव राम किशोर कठेरिया के आवास पर आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण और जरूरतमंद लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को तेज धूप, गर्म हवाओं और हीटवेव के प्रभाव से बचाने के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान फाउंडेशन की अध्यक्षा अपर्णा सिंह ने उपस्थित लोगों को गर्मी के मौसम में गमछे के महत्व और उसके सही उपयोग के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गमछे को सिर पर बांधने या चेहरे पर लपेटने से धूप के सीधे प्रभाव से बचा जा सकता है, जिससे गर्मी से होने वाली समस्याओं में काफी राहत मिलती है।
अपर्णा सिंह ने कहा कि गमछा शरीर से निकलने वाले पसीने को आसानी से सोख लेता है और त्वचा को ठंडक प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि अत्यधिक गर्मी की स्थिति में गमछे को पानी से भिगोकर सिर या गले पर रखने से शरीर का तापमान नियंत्रित रखने में मदद मिलती है। उन्होंने श्रमिकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि देश और समाज के विकास में मजदूर वर्ग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य का ध्यान रखना सभी की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर महेश चंद्र तिवारी, लल्लन, पारुआ, जय नारायण, महेंद्र, राजकुमार, रामलाल, लालता प्रसाद, अवधेश कुमार, अंशु, हीरा लाल और पप्पू कोरी सहित कई लोगों को अंगवस्त्र भेंट किए गए। कार्यक्रम के दौरान अपर्णा सिंह ने ग्रामीणों से अपने गांव को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सहयोग करने की अपील भी की।
ग्रामीणों ने फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के सामाजिक कार्य जरूरतमंद लोगों को राहत देने के साथ-साथ समाज में सहयोग और सेवा की भावना को भी मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में सोशल वेलफेयर कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष आसिफ सिद्दीकी, मीडिया प्रभारी अखिलेश पाल, ब्लॉक सचिव राम किशोर कठेरिया समेत कई गणमान्य लोग और ग्रामीण उपस्थित रहे।


