TRENDING TAGS :
Auraiya News: पशु-पक्षियों के लिए आगे आई विचित्र पहल सेवा समिति, शहर भर में रखवाए पानी के प्याले
Auraiya News: औरैया में विचित्र पहल सेवा समिति ने गर्मी के मौसम में पशु-पक्षियों की प्यास बुझाने के लिए शहर के विभिन्न स्थानों पर पानी के प्याले रखवाए। सामाजिक सरोकार की इस पहल को लोगों ने सराहा।
Auraiya News(Photo-Social Media)
Auraiya News: उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में पड़ रही भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच पशु-पक्षियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से विचित्र पहल सेवा समिति ने सराहनीय पहल की है। समिति ने शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर पानी से भरे मिट्टी के प्याले रखवाकर बेजुबान जीवों के लिए पेयजल की व्यवस्था की है। समिति की यह पहल पिछले वर्षों की तरह इस वर्ष भी ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई है।
समिति के कार्यकर्ताओं ने स्वामी विवेकानंद पार्क, वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई पार्क, भूतेश्वर मंदिर, जमालशाह, शिव शक्ति पीठ खानपुर, कालेश्वर मंदिर, पीएसी सुरक्षा कैंप, बीहड़ स्थित मंगला काली मंदिर, यमुना तट, बड़ी माता मंदिर और गुरुद्वारा सहित कई प्रमुख स्थानों पर मिट्टी के पानी के प्याले रखवाए। इसके अलावा लोगों को अपने घरों की छतों और आंगनों में पक्षियों के लिए पानी रखने हेतु मिट्टी के प्यालों का निःशुल्क वितरण भी किया गया।
समिति के अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण में पशु-पक्षियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि बढ़ती गर्मी के कारण पक्षी और अन्य जीव पानी की तलाश में भटकते रहते हैं। ऐसे में यदि समाज के लोग थोड़ी संवेदनशीलता दिखाएं तो अनेक जीवों की जान बचाई जा सकती है।
संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट ने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान कई पशु-पक्षी पानी के अभाव में दम तोड़ देते हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने घरों की छतों, बालकनियों और खुले स्थानों पर मिट्टी या प्लास्टिक के बर्तनों में स्वच्छ पानी भरकर रखें, जिससे पक्षियों, गिलहरियों और अन्य जीवों को राहत मिल सके। उन्होंने पशु-पक्षियों के संरक्षण को समाज की नैतिक जिम्मेदारी बताया।
इस अभियान में श्री गोपाल सेवा संस्थान का भी विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में डॉ. एस.एस. परिहार, रमन पोरवाल, डॉ. एस.पी. सिंह चौहान, पर्यावरण प्रहरी मनीष पुरवार (हीरू), जीएलए यूनिवर्सिटी मथुरा की छात्रा ईशा मिश्रा, संजय अग्रवाल, सचिन कुमार पोरवाल, मनोज कुमार मिश्रा, देवमुनी पोरवाल, विपुल पोरवाल और सतीश चंद्र सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समिति की इस पहल की शहरवासियों ने सराहना करते हुए इसे पर्यावरण और जीव संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम बताया।


