Ayodhya News: अयोध्या पहुंचे 11 सदस्यीय कोरियाई दल ने रानी हो स्मारक पर किया नमन

Ayodhya News: दक्षिण कोरिया के इंचियोन ली क्वान एसोसिएशन के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल ने रानी हो मेमोरियल पार्क में श्रद्धांजलि अर्पित की। महापौर ने स्मारक विकास में सहयोग का भरोसा दिया।

NathBux Singh
Published on: 10 March 2026 9:48 PM IST
11-member Korean delegation pays tribute to Rani Ho memorial in Ayodhya
X

अयोध्या पहुंचे 11 सदस्यीय कोरियाई दल ने रानी हो स्मारक पर किया नमन (Photo- Newstrack)

Ayodhya News: अयोध्या। भारत और दक्षिण कोरिया के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक संबंधों की एक बार फिर झलक उस समय देखने को मिली, जब दक्षिण कोरिया से आया 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को अयोध्या पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने यहां राजकुमारी सूरीरत्ना, जिन्हें दक्षिण कोरिया के गया राज्य की महारानी हेलो ह्वांग-ओक (रानी हो) के नाम से जाना जाता है, के स्मारक पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए और अपनी मातामही को नमन किया।

प्रतिनिधिमंडल के अयोध्या आगमन पर नगर निगम की ओर से उनका भव्य स्वागत किया गया। महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने अपनी पत्नी श्रीमती राजलक्ष्मी त्रिपाठी के साथ कोरियाई मेहमानों का अंगवस्त्र एवं प्रभु श्रीराम की प्रतिमा भेंट कर स्वागत किया।

महापौर ने विकास में सहयोग का दिया भरोसा

दक्षिण कोरिया से आया यह प्रतिनिधिमंडल इंचियोन ली क्वान एसोसिएशन के अध्यक्ष ली जिन ओके के नेतृत्व में अयोध्या पहुंचा था। दुभाषिया के माध्यम से हुई बातचीत के दौरान प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने रानी हो मेमोरियल पार्क में पूजा स्थल के विकास की आवश्यकता पर जोर दिया।

इस पर महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने उन्हें आश्वस्त किया कि स्मारक के विकास के लिए नगर निगम हर संभव सहयोग करेगा। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि इस विषय में भारतीय दूतावास के माध्यम से औपचारिक पत्राचार किया जाए, ताकि दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक सहयोग और मजबूत हो सके।

रानी हो के कारण अयोध्या को मिली वैश्विक पहचान

महापौर ने कहा कि रानी हो के ऐतिहासिक संबंधों के कारण अयोध्या को वैश्विक पहचान मिली है। भारत और दक्षिण कोरिया के बीच यह रिश्ता सदियों पुराना है और इसे और मजबूत बनाने की आवश्यकता है।

उन्होंने बताया कि हाल ही में रानी हो मेमोरियल पार्क को पर्यटन विभाग से नगर निगम ने अपने अधीन लिया है, जिसके बाद इसके विकास और बेहतर व्यवस्थाओं पर काम किया जा रहा है।

अक्टूबर में आएगा 100 सदस्यीय कोरियाई दल

प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने बताया कि आगामी 6 अक्टूबर को दक्षिण कोरिया से करीब 100 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल अयोध्या आएगा और रानी हो को श्रद्धांजलि अर्पित करेगा। इसके साथ ही उन्होंने महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी को अप्रैल में दक्षिण कोरिया में आयोजित होने वाले एक विशेष कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया।

अयोध्या में रानी हो से जुड़े ऐतिहासिक संबंध आज भी भारत और दक्षिण कोरिया के बीच सांस्कृतिक सेतु का काम कर रहे हैं। ऐसे दौरे दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

NathBux Singh
ABOUT THE AUTHOR

NathBux Singh

Next Story