TRENDING TAGS :
राष्ट्रपति के राम मंदिर कार्यक्रम में मोबाइल-आयुध पर रहेगा प्रतिबंध
अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में 19 मार्च को राष्ट्रपति के कार्यक्रम के दौरान मोबाइल, अंगरक्षक और किसी भी आयुध पर प्रतिबंध रहेगा, केवल सिखों की छोटी कृपाण की अनुमति होगी।
Ayodhya News (Photo_ Social Media)
अयोध्या में स्थित Ram Mandir Ayodhya में वर्ष प्रतिप्रदा (हिंदू नववर्ष) के अवसर पर 19 मार्च को आयोजित होने वाले कार्यक्रम को लेकर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इस कार्यक्रम में देश की राष्ट्रपति Droupadi Murmu के शामिल होने की संभावना के मद्देनजर कई महत्वपूर्ण प्रतिबंध लागू किए गए हैं।
Shri Ram Janmabhoomi Teerth Kshetra के महासचिव Champat Rai ने देर शाम एक वीडियो संदेश जारी कर कार्यक्रम से जुड़ी व्यवस्थाओं और नियमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में आमंत्रित अतिथियों के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, वहीं सुरक्षा के दृष्टिकोण से कुछ कड़े नियम भी लागू किए गए हैं।
चम्पत राय के अनुसार मंदिर परिसर में किसी भी प्रकार का आयुध (अस्त्र-शस्त्र) ले जाने की अनुमति नहीं होगी। केवल सिख समुदाय के लोगों को कानूनन अनुमन्य छोटी कृपाण साथ रखने की अनुमति दी जाएगी। इसके अलावा किसी भी अतिथि के साथ निजी अंगरक्षक को मंदिर परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
सुरक्षा कारणों से कार्यक्रम में आने वाले अतिथियों को मोबाइल फोन भी साथ ले जाने की अनुमति नहीं होगी। सभी आमंत्रितों को नाम सहित विशेष प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे, जिन पर कूट संख्या (कोड नंबर) अंकित होगी। ये प्रवेश पत्र पूरी तरह अहस्तांतरणीय होंगे और केवल आमंत्रित व्यक्ति ही इनका उपयोग कर सकेंगे।
महासचिव ने बताया कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले अतिथियों के लिए पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था कार्यक्रम स्थल पर ही की जाएगी। साथ ही किस प्रवेश द्वार से प्रवेश दिया जाएगा, इसकी जानकारी भी समय रहते आमंत्रितों को उपलब्ध करा दी जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि नवरात्रि की शुरुआत होने के कारण अतिथियों के लिए फलाहार की समुचित व्यवस्था की जाएगी।
राम मंदिर में होने वाला यह कार्यक्रम धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिसके लिए प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट दोनों स्तरों पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।


