TRENDING TAGS :
Ayodhya News: उपज अधिवेशन में पत्रकारिता के मूल्यों पर जोर, कई प्रस्ताव पारित
Ayodhya News: अयोध्या में आयोजित उपज के प्रादेशिक अधिवेशन में राज्यपाल संतोष गंगवार ने पत्रकारिता को समाज की आवाज बताया, कई अहम प्रस्ताव पारित किए गए।
Ayodhya News: मुरादाबाद/अयोध्या। नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट (इंडिया) से संबद्ध उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट (उपज) के प्रादेशिक अधिवेशन में पत्रकारिता के मूल्यों और उसकी सामाजिक जिम्मेदारी पर व्यापक चर्चा हुई। इस अवसर पर झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कहा कि पत्रकारिता आज भी अपने मूल सिद्धांतों के साथ समाज की सेवा में लगातार सक्रिय है।
उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचारों का प्रसार करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आम नागरिकों की आवाज बनकर उन्हें न्याय दिलाने का माध्यम भी है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि मीडिया को हर व्यक्ति की आवाज बनकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका और मजबूत करनी चाहिए।
अधिवेशन में नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट इंडिया के राष्ट्रीय महासचिव त्रियुग नारायण तिवारी ने पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, उसके मूल्यों और वर्तमान संदर्भों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में पत्रकारों के सामने चुनौतियां बढ़ी हैं, लेकिन मूल्यों को बनाए रखना सबसे जरूरी है।
इस दौरान विधान परिषद सदस्य डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त, पूर्व भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह और वरिष्ठ पत्रकार एवं नेशनल बुक ट्रस्ट के पूर्व अध्यक्ष बलदेव भाई शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। सभी वक्ताओं ने पत्रकारिता की निष्पक्षता और जिम्मेदारी को लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक बताया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रदेश अध्यक्ष सर्वेश कुमार सिंह द्वारा अतिथियों के स्वागत से हुई। प्रदेश महामंत्री आनंद कर्ण सहित अन्य पदाधिकारियों ने राज्यपाल को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन संजीव आकांक्षी ने किया।
अधिवेशन में प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य विवेकानंद पाण्डेय, नाथ बख्श सिंह, सुभाष गुप्ता, नृपेंद्र श्रीवास्तव, हरि प्रकाश, कुमार देव, डॉ. आशीष अग्रवाल सहित विभिन्न जिलों के अध्यक्ष, महामंत्री और पत्रकार बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान उपज की आम सभा और प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक भी संपन्न हुई, जिसमें कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। इनमें पत्रकारों के लिए मान्यता समिति का गठन, वृद्ध पत्रकारों को पेंशन देने, रेलवे किराए में छूट देने और जनपदीय समितियों में उपज पदाधिकारियों को शामिल करने जैसे मुद्दे प्रमुख रहे।
इसके साथ ही कार्यकारिणी ने आय-व्यय का विवरण और ‘मुरादाबाद संकल्प’ भी प्रस्तुत किया। विभिन्न जनपदों के प्रतिनिधियों ने अपनी-अपनी आख्या, भविष्य की योजनाएं और सुझाव भी साझा किए। अधिवेशन में पारित प्रस्तावों को शीघ्र ही शासन को भेजने की बात कही गई है।


