Azamgarh News: अपराधियों के ठीकानों पर पुलिस टीमों ने एक साथ दी दबिश, निरोधात्मक कार्रवाई की तैयारी

Azamgarh News: आजमगढ़ पुलिस ने 50 टीमों के साथ 500 कुख्यात अपराधियों के घरों पर एक साथ दबिश दी। सत्यापन कर डोजियर अपडेट किए गए, निरोधात्मक कार्रवाई की तैयारी।

Shravan Kumar
Published on: 5 Jun 2026 5:54 PM IST
Police teams jointly crack down on criminals’ addresses, preparing for deterrent action
X

अपराधियों के ठीकानों पर पुलिस टीमों ने एक साथ दी दबिश, निरोधात्मक कार्रवाई की तैयारी (Photo- Newstrack)

Azamgarh News: आजमगढ़ में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने और कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से सर्किल नगर क्षेत्र में चार दिवसीय विशेष सत्यापन अभियान चलाया गया। यह अभियान सोमवार से गुरुवार तक संचालित किया गया। अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ० अनिल कुमार के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह तथा क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

500 कुख्यात अपराधियों का किया गया सत्यापन

विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने लूट, डकैती, जानलेवा हमले, परीक्षा में नकल कराने, तस्करी तथा अन्य गंभीर अपराधों में संलिप्त रहे कुल 500 कुख्यात अपराधियों के यहां सामूहिक दबिश देकर उनका सत्यापन किया। पुलिस का उद्देश्य यह जानना था कि पूर्व में अपराधों में शामिल रहे लोग वर्तमान में किस प्रकार का जीवन व्यतीत कर रहे हैं और उनकी गतिविधियां क्या हैं।

प्रतिदिन 50 पुलिस टीमों को किया गया तैनात

अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए प्रतिदिन 50 पुलिस टीमों का गठन किया गया। प्रत्येक टीम में एक उपनिरीक्षक और चार आरक्षियों को शामिल किया गया था। सभी पुलिस टीमों को विस्तृत ब्रीफिंग देने के बाद एक साथ कोतवाली से रवाना किया गया। इसके बाद टीमों ने चिन्हित अपराधियों के निवास स्थानों पर पहुंचकर उनका भौतिक सत्यापन किया।

अपराधियों की गतिविधियों और सामाजिक व्यवहार की जुटाई गई जानकारी

सत्यापन के दौरान पुलिस ने अपराधियों की वर्तमान गतिविधियों, रहन-सहन, आजीविका, सामाजिक व्यवहार और आपराधिक प्रवृत्तियों से जुड़ी विस्तृत जानकारी एकत्रित की। इसके साथ ही प्रत्येक अपराधी का डोजियर तैयार किया गया और पुराने अभिलेखों को अद्यतन भी किया गया, ताकि भविष्य में उनकी गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।

यह जानने की कोशिश कि अपराधी सामान्य जीवन जी रहे हैं या नहीं

अभियान का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना था कि पूर्व में अपराधों में संलिप्त रहे व्यक्ति अब सामान्य जीवन जी रहे हैं या फिर दोबारा अपराध की दुनिया से जुड़कर कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बन रहे हैं। पुलिस द्वारा किए गए सत्यापन के आधार पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ आवश्यकता पड़ने पर निरोधात्मक और अन्य वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।

भविष्य में भी जारी रहेंगे ऐसे विशेष अभियान

आजमगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों पर सतत निगरानी और प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के लिए ऐसे विशेष सत्यापन अभियान आगे भी लगातार चलाए जाते रहेंगे। पुलिस का उद्देश्य जनपद में आम लोगों को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि कानून-व्यवस्था मजबूत बनी रहे और अपराधियों में पुलिस का भय कायम रहे।

Shravan Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Shravan Kumar

Experience - 10 Years Print Media

Next Story