TRENDING TAGS :
Baghpat News : संविधान निर्माता डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त, ग्रामीणों में रोष
Baghpat के बाबरी थाना क्षेत्र के बुटराडा गांव में डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त, ग्रामीणों में आक्रोश, पुलिस जांच में जुटी
Baghpat News
Baghpat News : जनपद के बाबरी थाना क्षेत्र के गांव बुटराडा में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को शरारती तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और नई प्रतिमा स्थापित किए जाने की मांग की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार गांव बुटराडा स्थित अंबेडकर पार्क में वर्ष 2003 में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित की गई थी। ग्रामीणों का कहना है कि वर्ष 2012 में भी कुछ शरारती तत्वों द्वारा प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया गया था। एक बार फिर प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना से गांव में आक्रोश का माहौल बन गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार बाबा साहेब की प्रतिमा को ही निशाना बनाया जाता है, जिससे उनकी भावनाएं आहत होती हैं।
शनिवार सुबह जब कुछ ग्रामीण टहलने के लिए अंबेडकर पार्क पहुंचे तो उन्होंने देखा कि प्रतिमा की एक उंगली टूटी हुई है। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना बाबरी पुलिस को दी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण पार्क में एकत्र हो गए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। घटना की खबर पूरे गांव में तेजी से फैल गई, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ गई।
सूचना मिलने पर बाबरी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि प्रतिमा की एक उंगली क्षतिग्रस्त की गई है। पुलिस अधिकारियों ने ग्राम प्रधान अनुज कुमार और ग्रामीणों के साथ वार्ता कर उन्हें उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
ग्रामीणों ने मांग की है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए तथा क्षतिग्रस्त प्रतिमा के स्थान पर नई प्रतिमा स्थापित कराई जाए। पुलिस प्रशासन ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया है कि दो दिनों के भीतर आवश्यक कार्रवाई करते हुए नई प्रतिमा स्थापित कराने का प्रयास किया जाएगा। मौके पर ग्राम प्रधान अनुज कुमार सहित प्रवेश, मंगल, योगराज, अंकित, नवीन और अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।


